पलियाकलां। गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर किसानों का धरना तीसरे दिन रविवार को भी जारी रहा। किसानों ने बताया कि धरना की जानकारी किसान नेता वीएम सिंह को भी दे दी गई है। अगर सात जून तक किसानों का भुगतान नहीं किया जाता है तो किसान धरना जारी रखेंगे।
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन शाहजहांपुर के जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह संधू ने धरने पर बैठे किसानों को संबोधित कर कहा कि मिल में चल रहे धरने को शाहजहांपुर के किसानों का भी समर्थन है। जिस दिन यहां के किसान महापंचायत करेंगे, शाहजहांपुर से भी सैकड़ों किसान अपने वाहन से पलिया में संघर्ष कर भागीदारी करेंगे।
खीरी जिलाध्यक्ष पटेल श्रीकृष्ण वर्मा ने कहा कि पलिया मिल सात जून सोमवार तक किसानों का बकाया भुगतान नहीं करती है तो पलिया में तो धरना जारी रहेगा, गोला की मिल में भी धरना शुरू कर दिया जाएगा। 11 जून को जिला गन्ना अधिकारी लखीमपुर कार्यालय का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों और मिल के यूनिट हेड व केन जीएम के बीच एक घंटा तक रविवार को वार्ता चली लेकिन बेनतीजा रही। किसान अब संपूर्ण भुगतान की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों ने किसान नेता वीएम सिंह से वार्ता की है यदि आंदोलन लंबा चला तो किसानों की आवाज पर वीएम सिंह भी पलिया आ सकते हैं। धरने के दौरान नारायण लाल वर्मा, जसपाल सिंह, गुरपेज सिंह गोपी, सुरेंद्र सिंह, हरमनजीत सिंह, गुरु प्रताप सिंह समेत भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।