गोला में सिर मुड़वाकर प्रदर्शन करते किसान। स्रोत : संगठन
लखीमपुर खीरी। राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन के तीन किसानों ने गोला गोकर्णनाथ स्थित बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड गेट पर बाल मुड़वाकर अनोखा विरोध प्रदर्शन कर गन्ना भुगतान की मांग की।
शनिवार को संगठन के किसान झंडा लेकर मिल के गन्ना गेट पर पहुंचे, जहां संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पटेल श्रीकृष्ण वर्मा, श्याम किशोर और अनिल कुमार वर्मा ने नाई से अपने बाल मुड़वाए। इसके अलावा कई किसान बाल मुड़वाने के लिए लाइन में खड़े थे। चीनी मिल के जीएम केन पीएस चतुर्वेदी व पुलिस उपनिरीक्षक राकेश राय के समझाने-बुझाने पर अन्य किसान माने।
पटेल श्रीकृष्ण वर्मा ने मौके पर ही जीएम केन पीएस चतुर्वेदी को चेतावनी दी कि अगर 15 दिसंबर तक पूर्ण भुगतान कर 16 दिसंबर से नया भुगतान शुरू नहीं किया गया तो बैठक कर चिता सजाकर सत्याग्रह किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चीनी मिल के अधिकारी पतरिया के नाम पर गन्ना काटने से बाज आएं और मिल डायवर्जन रोड़ से गन्ने की आवक शुरू कराए।
इस दौरान सहकारी गन्ना विकास समिति के पूर्व अध्यक्ष सुरेश वर्मा, समिति के डेलीगेट राधेश्याम वर्मा, डेलीगेट राजेश कुमार, शिवदयाल वर्मा, संतोष सिंह भदौरिया, भारत लाल, अवधेश कुमार, परमेश्वरदीन सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।