गोला गोकर्णनाथ। सहकारी गन्ना विकास समिति में किसान शक्ति संगठन के बैनर तले गन्ना भुगतान की मांग को लेकर चल रहा धरना कोरोना महामारी के चलते 32वें दिन समाप्त हो गया। किसान नेता श्रीकृष्ण वर्मा ने संपूर्ण बकाया भुगतान होने तक गांव गांव भ्रमण कर आंदोलन जारी रखने का एलान किया।
किसान शक्ति संगठन के अध्यक्ष पटेल श्रीकृष्ण वर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी की तीसरी लहर अब काफी तेज हो गई है। इसलिए किसानों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए धरना स्थगित करने का निर्णय लिया है। लेकिन पिछले पेराई सत्र और इस पेराई सत्र का भुगतान न होने तक गांव-गांव आंदोलन चलेगा। गन्ना आयुक्त कार्यालय और बजाज हिंदुस्तान के नोएडा कारपोरेट ऑफिस के वरिष्ठ अधिकारी एबी सिंह ने बताया है कि दो फरवरी को बजाज ग्रुप की 14 चीनी मिलों के गन्ना किसानों के एसक्रो अकाउंट में 500 करोड़ रुपये सरकार द्वारा भेजे जाएंगे। इस मौके पर परमेश्वर दीन, राहुल वर्मा, शिवदयाल वर्मा, सालिकराम वर्मा, भारत लाल, रविंद्र कुमार, सियाराम ,सर्वेश कुमार वर्मा, जय सिंह यादव, जीवनलाल मनोज कुमार आदि मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर बजाज चीनी मिल की आपूर्ति गेट पर भारतीय किसान यूनियन चढूनी के प्रदेश महासचिव अमनदीप सिंह संधू ने सीओ राजेश कुमार और गन्ना विकास समिति सचिव नंदलाल माथुर के आश्वासन पर धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया है। अमनदीप सिंह संधू ने कहा कि सरकार के माध्यम से बजाज चीनी मिल ने जो भुगतान किया है उससे गन्ना किसानों को कुछ राहत तो हुई है। लेकिन शेष भुगतान दो फरवरी तक अवश्य कर दिया जाए अन्यथा किसानों को पुन: आंदोलन करना पड़ेगा।