हाथियों ने रौंदी गन्ने की फसल। संवाद
ममरी। मोहम्मदी रेंज की महेशपुर बीट के जंगलों में डेरा डाले हाथियों के झुंड ने मंगलवार की रात ग्राम साहबगंज निवासी कुलवंत सिंह और गुरमीत सिंह आदि किसानों के खेतों में खड़ी डेढ़ एकड़ गेहूं और गन्ने की फसल रौंदकर तहस-नहस कर डाली। आहट मिलने पर किसानों ने मशाल जलाकर हाथियों को जंगल में खदेड़ दिया।
साहिबगंज निवासी जगत सिंह और कुलवंत सिंह आदि किसानों ने बताया कि मंगलवार रात उनके खेतों में पहुंचे हाथियों के झुंड ने उनकी डेढ़ एकड़ गेहूं और गन्ने की फसल रौंदकर बर्बाद कर डाली। हाथियों की आहट मिलने पर किसानों ने जब उन्हें भगाने का प्रयास किया तो हाथियों ने चिंघाड़ते हुए उन्हें दौड़ा लिया।
किसानों ने मशाल जलाकर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ दिया। किसानों ने बताया कि हाथियों के डर से किसान खेतों में जागकर फसलों की रखवाली कर रहे है। कोई भी वनकर्मी वहां झांकने तक नहीं पहुंचा है। रेंजर नरेशपाल सिंह का कहना है कि हाथियों की निगरानी कराई जा रही है।