निघासन। गांव लुधौरी में रास्ते की जमीन को जोतकर खेत में मिलाने का विरोध करना एक किसान को भारी पड़ गया। दबंग ने किसान को ट्रैक्टर से कुचलकर मार डालने की धमकी दी है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
लुधौरी निवासी किसान रामचंद्र ने बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति ने दबंगई दिखाते हुए खेत में आने-जाने वाले चक मार्ग को जोत दिया। इससे खेती में दिक्कत आने लगी। रामचंद्र के अनुसार, जब उसने विरोध किया तो दबंग ने उससे गाली-गलौज की और ट्रैक्टर से कुचलकर जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है ऑनलाइन शिकायत पर जब क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने जरीब छीनकर फेंक दी और पैमाइश में बाधा डालते हुए हंगामा किया। स्थिति बिगड़ती देख लेखपाल नाप किए बिना ही लौट गए। पीड़ित किसान ने मामले की तहरीर पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल महेशचंद ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है, पुलिस को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है।