गेहूं की बुआई के दौरान किसान अनंतराम मिश्रा पर सांड़ ने किया था हमला
मितौली। गेहूं की बुआई करते समय सांड़ के हमले में घायल हुए एक किसान की सीतापुर अस्पताल में मौत हो गई।
मितौली ब्लॉक की ग्राम पंचायत कल्लियारामपुर के मजरा चंदपुरवा के रहने वाले किसान अनंतराम मिश्रा (60) बुधवार की सुबह करीब सात बजे अपने खेत में गेहूं की बुआई करने गए थे, जहां सांड़ ने किसान पर हमला कर दिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही परिजन समेत गांव के काफी लोग मौके पर पहुंच गए और घायल हालत में सीतापुर अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने घायल को मृत घोषित कर दिया।
लावारिस मवेशी ले
चुके हैं कई जानें
कुछ दिन पहले ही मितौली के भंडेवरा में सांड़ ने खेतों में धान की कटाई कर रहे भभूती पर हमला करके मौत के घाट उतार दिया था। वहीं मितौली की ही मुरासा ग्रामपंचायत के मजरा सिद्धपुर के रहने वाले रामकुमार की भी सांड़ के हमले से मौत हो गई थी। इसके अलावा मितौली के बबौना गांव निवासी हीरालाल पुत्र मंशा राम को सांड़ ने बुरी तरह घायल कर दिया था।