लखीमपुर खीरी के मझगईं रेंज के बौधियाकलां गांव में बृहस्पतिवार सुबह उस वक्त रोंगटे खड़े कर देने वाला सामने आया, जब खेत की रखवाली कर रहे एक किसान पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। किसान ने साहस का परिचय देते हुए हाथ में पकड़ी पानी की बोतल उसके खुले मुंह में ठूंस दी, तब तेंदुए की पकड़ ढीली पड़ गई और वह किसान को छोड़कर भाग गया। इस दौरान किसान तेंदुए से करीब दो मिनट तक भिड़ता रहा।
गांव निवासी अशोक जायसवाल रोज की तरह अपने खेत में मचान पर बैठकर फसल की रखवाली कर रहे थे। सुबह करीब छह बजे वह नीचे उतरकर शौच के लिए जाने लगे, तभी घात लगाए बैठे तेंदुए ने उन पर अचानक छलांग लगाकर हमला कर दिया। तेंदुए के पंजे अशोक के शरीर पर लगते ही वह लहूलुहान हो गए लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। जैसे ही तेंदुआ दोबारा हमलावर हुआ तो अशोक ने पूरी ताकत से पानी की बोतल उसके मुंह में डाल दी। बोतल फंसते ही तेंदुआ पीछे हटा, तभी अशोक ने शोर मचाना शुरू कर दिया।