मिल प्रबंधन की बात किसान नेताओं ने नहीं मानी
गोला गोकर्णनाथ। शुक्रवार की शाम बजाज चीनी मिल की वादा खिलाफी पर किसान बिफर गए और किसान नेता श्रीकृष्ण वर्मा अपने साथियों के साथ बजाज चीनी मिल के बैगास गेट पर चीनी की रैक रोकने पहुंच गए। इस दौरान एसडीएम, सीओ और चीनी मिल के अधिकारियों से करीब एक घंटे वार्ता चली, लेकिन किसान नेता नहीं माने।
सहकारी गन्ना विकास समिति में किसान नेता श्रीकृष्ण वर्मा तीन दिन से बजाज चीनी मिल की वादा खिलाफी पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। शुक्रवार की शाम सूचना मिली कि मिल से चीनी लदे ट्रक निकल रहे हैं। वह साथी किसानों के साथ बैगास गेट पर पहुंच गए और ट्रकों को रुकवा दिया।
सूचना पर पहुंचे एसडीएम अविनाश चंद्र मौर्य, सीओ राजेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडे, कारखाना प्रबंधक राजेश कुमार मिश्र, जीएम केन जगबीर सिंह मलिक मौके पर पहुंचे और समझौते का हवाला देते हुए 31 दिसंबर तक 100 करोड़ रुपये का भुगतान करने का आश्वासन दिया, लेकिन किसान नेता नहीं माने। हालांकि अधिकारियों के समझाने पर किसान नेता सहकारी गन्ना विकास समिति धरना प्रदर्शन पर लौट आए।
राकिमसं के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर लगाया दबाव बनाने का आरोप
किसान नेता श्रीकृष्ण ने मीडिया को बताया कि कुशाग्र बजाज और प्रशासनिक अधिकारियों के दबाव में राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीएम सिंह ने गन्ना समिति गोला में चल रहे धरना प्रदर्शन को समाप्त करने के लिए दो दिन से दबाव बना रहे हैं। धरना प्रदर्शन न हटाने पर जिला अध्यक्ष पद से हटाने की धमकी दी। इस्तीफा की घोषणा करते हुए कहा कि संगठन का झंडा बैनर हटा दिया है, लेकिन किसानों के बकाया गन्ना भुगतान के बारे में वहीं समझौता मान्य रहेगा, जो 13 दिसंबर को धरना प्रदर्शन के दौरान चीनी मिल अधिकारियों ने सीडीओ और अन्य अधिकारियों के समक्ष किया था। वह गन्ना किसानों के साथ हैं और उनके संघर्ष में हमेशा रहेंगे। गन्ना समिति में चल रहा धरना किसानों के सहयोग से चलता रहेगा किसान हुए समझौते को लागू करने पर अधिक है राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिला अध्यक्ष श्री कृष्ण वर्मा ने राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन जिला अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया।
श्रीकृष्ण वर्मा पर संगठन को बदनाम करने का आरोप, हटाए गए
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के शाहजहांपुर जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह और आईटी सेल के जिला अध्यक्ष अंजनी दीक्षित ने बताया कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीएम सिंह ने श्रीकृष्ण वर्मा पर आरोप लगाया है कि गोला मिल के साथ समझौता करने के बाद बार-बार मिल बंद करने की धमकी देने से संगठन की बदनामी होती है। एक तरफा फैसले लेने के कारण तत्काल प्रभाव से श्रीकृष्ण वर्मा को लखीमपुर खीरी जिलाध्यक्ष पद से हटाया जा रहा है। जिला कमेटी भंग की जा रही है। अगले अध्यक्ष की नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष प्रताप बहादुर पटेल करेंगे। तब तक आईटी सेल के अध्यक्ष अंजनी दीक्षित जिला अध्यक्ष का कार्यभार संभालेंगे।