फरधान रेलवे क्रासिंग पर हो रहा ओवरब्रिज निर्माण संवाद
फरधान। फरधान व गोला रेलवे क्रॉसिंग के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज का का काम अंतिम दौर में है। रेलवे लाइन के ऊपर गर्डर रखे जाने के लिए 27 मई की रात 12 बजे से क्रॉसिंग के पास से वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी। यह प्रतिबंध तीन जून तक लागू रहेगा। इस मार्ग के वाहनों के आवागमन को लेकर यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन जारी किया है।
गोला-लखीमपुर मार्ग पर फरधान और गोला के करीब रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण हो रहा है। लंबे समय से निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज में गर्डर लांचिंग का काम होना है। इसको लेकर सोमवार की रात 12 बजे से तीन जून रात 12 बजे तक गोला-लखीमपुर मार्ग पर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इसको लेकर पूर्व में एडवायजरी भी जारी हो चुकी है। यातायात पुलिस ने रविवार को इस मार्ग से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों के लिए रूट डायवर्जन जारी किया है।
यहां से जाएंगे वाहनबहराइच, लखीमपुर व लखनऊ की ओर से आकर खुटार-पीलीभीत जाने वाले वाहनों को मनिकापुर तिराहे से मोहम्मदी मार्ग से सिकंदराबाद चौराहे से गोला की ओर भेजा जाएगा। गोला से एनएच 730 से यह वाहन गंतव्य को जाएंगे। खुटार-पीलीभीत की ओर से आने वाले वाहनों को गोला के पटेल चौराहा से डायवर्ट कर सिकंदराबाद होकर मनिकापुर तिराहा भेजा जाएगा। किसी प्रकार की असुविधा से बचने को यातायात पुलिस ने नंबर भी जारी किया है। समस्या होने पर यातायात नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर- 9454844045 पर संपर्क किया जा सकता है।