लखीमपुर जिले के बेहजम क्षेत्र से लापता युवक का पांच दिन बाद भी पुलिस सुराग नहीं लगा पाई है। इससे नाराज परिवारवालों ने बृहस्पतिार को लीलाकुआं चौराहे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने समझाकर उन्हें शांत कराया। तब जाम खुल सका।
लखीमपुर जिले के बेहजम क्षेत्र में कोढैया निवासी रिंकू पांच दिन से लापता है। वह अपनी ससुराल अटनैहा गांव, कोतवाली सदर गया था, जहां से वापस घर नहीं पहुंचा। परिवारीजनों ने सदर कोतवाली क्षेत्र की एलआरपी चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। उसका कोई सुराग नहीं लगा है।
विज्ञापन
रिंकू के बरामद न होने से नाराज परिजनों ने गामीणों के साथ मिलकर बृहस्पतिवार दोपहर लीलाकुआं चौराहे पर जाम लगा दिया, जिससे करीब लगभग आधे घंटे तक सड़क जाम रही। जिसकी सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष कौशल किशोर, चौकी इंचार्ज लीलाकुआं प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया और जाम खुलवाया।
विज्ञापन
सूचना पर मितौली सीओ शमशेर बहादुर सिंह भी पहुंचे। लापता युवक के माता-पिता को अपनी गाड़ी में बिठाकर पुलिस लखीमपुर ले गई। परिवारवालों का कहना है कि रिंकू के आठ साल का बेटा श्रेयांश है और दो लड़की पूजा और रूपा है। पत्नी का नाम सोनी है।
थाना अध्यक्ष कौशल किशोर ने बताया कि गुमशुदगी की रिपोर्ट एलआरपी चौकी में दर्ज है। मामला यह है कि अपनी ससुराल गया था जहां से कुछ लोगों के साथ बाइक से शौच के लिये गांव के बाहर गया था। इसके बाद से उसका पता नहीं है। पुलिस खोजबीन कर रही है।