सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट। स्रोत : सोशल मीडिया
लखीमपुर खीरी। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में विभिन्न पदों पर भर्ती के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। पोस्ट में वार्ड बॉय, कंप्यूटर ऑपरेटर, माली, मल्टी टास्क फोर्स, चौकीदार, चपरासी और स्वीपर समेत कई पदों पर भर्ती का दावा किया गया है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने इसे फर्जी बताते हुए लोगों को सावधान रहने की अपील की है।
वायरल पोस्ट में अलग-अलग पदों के लिए सीटों की संख्या, शैक्षिक योग्यता, वेतन और ईएसआईसी, पीएफ व बीमा जैसी सुविधाओं का भी उल्लेख किया गया है। पोस्ट में योग्य अभ्यर्थियों से जल्द आवेदन करने की अपील की गई है। इसके वायरल होने के बाद नौकरी की तलाश कर रहे लोगों में इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई।
मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. वाणी गुप्ता ने स्पष्ट किया कि इस तरह की कोई भर्ती नहीं निकाली गई है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट का मेडिकल कॉलेज से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी पोस्ट के झांसे में न आएं और नौकरी के नाम पर किसी व्यक्ति को रुपये न दें।
प्राचार्य ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नौकरी दिलाने के नाम पर किसी को पैसा देता है तो उसके लिए वह स्वयं जिम्मेदार होगा।