मतदाता देख सकेंगे किसको दिया वोट
विधानसभा चुनाव में भारत निर्वाचन आयोग ने विधानसभा लखीमपुर और गोला में वीवीपैड लगाने का निर्णय किया है। इसके लिए मंगलवार को देर शाम कलक्ट्रेट सभागार में ईवीएम के प्रभारी अधिकारी जेएस परमार ने प्रोजेक्टर के माध्यम से वीवीपैड के बारे में प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि दोनों विधानसभाओं में बैलेट एवं कंट्रोल यूनिट के साथ साथ वीवीपैड का प्रयोग प्रथम बार किया जाएगा। जब मतदाता वोट करने के लिए जाएंगे, तो ईवीएम के साथ वीवीपैड भी मिलेगा। मतदाता अपना वोट डालने के लिए ईवीएम पर प्रत्याशी के सामने वाला बटन दबाएंगे, तो साथ रखे वीवीपैड की डिस्प्ले विंडो की लाइट जल जाएगी, जिसमें प्रत्याशी का नाम, चुनाव चिह्न, क्रमांक लिखी एक पर्ची दिखेगी। जो सात सेकेंड तक प्रदर्शित होगी। फिर वह पर्ची उसी वीवीपैड में गिर जाएगी। मतदाता को नहीं मिलेगी। प्रशिक्षण में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं रिटर्निंग आफिसर मौजूद रहे।