आवास विकास कॉलोनी स्थित ससुराल के बाहर बैठी विवाहिता व मौजूद पुलिसकर्मी। संवाद
लखीमपुर खीरी। मोहल्ला आवास विकास काॅलोनी में बृहस्पतिवार की रात एक विवाहिता ने जमकर हंगामा किया। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित कर रहे हैं। दहेज न दे पाने की वजह से उसके साथ मारपीट भी करते हैं। बृहस्पतिवार को विवाहिता ससुराल पहुंची तो ससुरालीजन घर में ताला डालकर कहीं चले गए।
बाराबंकी के ग्राम खिजिरपुर निवासी मनोज वर्मा की पुत्री पीड़िता सोनम वर्मा ने बताया कि 08 फरवरी 2024 को उसकी शादी लखीमपुर के मोहल्ला आवास विकास काॅलोनी निवासी आयुष वर्मा के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। मांग न पूरी होने पर प्रताड़ित कर रहे थे। वहीं, दो फरवरी 2025 को ससुरालीजनों ने जबरन उसे मायके भेज दिया। चार दिन के बाद जब विवाहिता दोबारा ससुराल आई तो ससुरालियों ने एक राय होकर मारपीट करते हुए उसे घर से निकाल दिया।
इसके बाद से वह मायके में ही रह रही थी। बृहस्पतिवार की सुबह एक बार फिर से सोनम ससुराल आई तो ससुरालीजन घर पर ताला डालकर चले गए। हालांकि सोनम का कहना था कि ससुरालीजन घर के अंदर ही मौजूद हैं। काफी देर तक गेट न खुलने पर विवाहिता ने हंगामा करना शुरू कर दिया। इससे आसपास के लोग भी बाहर आ गए।
महिला के मायके वाले भी आ गए और पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस कोई नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। रात करीब 10 बजे कोतवाली पुलिस ने महिला को समझाकर शांत कराया। महिला ने गेट के बाहर से ताला डाल दिया था। पीड़िता का कहना है कि शुक्रवार सुबह ससुरालीजनों ने गेट का ताला तोड़कर अपना ताला डाल दिया।
आपस में पति-पत्नी का विवाद है। पुलिस गई थी। समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया है। शुक्रवार को महिला कोतवाली नहीं आई। - अंबर सिंह, कोतवाली प्रभारी सदर