- आज पहली पाली में होगा बीए प्रथम वर्ष की हिंदी का पेपर
स्थानीय राजकीय डिग्री कॉलेज में सोमवार से बीए प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। इसको लेकर रविवार को भी कॉलेज खोला गया। रविवार को बीए के बचे हुए छात्र-छात्राओं को प्रवेश पत्रों का वितरण किया गया। इसके अलावा बीकॉम प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष के प्रवेश पत्रों का वितरण भी शुरू कर दिया गया है।
स्थानीय राजकीय डिग्री कालेज में सोमवार को तीन पालियों में बीए के परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस बार बीए तीनों वर्षों में करीब 4200 परीक्षार्थी परीक्षा में हिस्सा लेंगे। बुधवार से ही उन्हें प्रवेश पत्रों का वितरण शुरू कर दिया गया था। रविवार को भी कॉलेज खोलकर बचे हुए परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र बांटे गए। उधर, कॉलेज में उत्तर पुस्तिकाएं भी आ गई हैं। सोमवार को पहली पाली सुबह सात से दस बजे में बीए प्रथम वर्ष के परीक्षार्थी हिंदी की परीक्षा देंगे। जबकि द्वितीय पाली 11 से अपराह्न दो बजे तक में बीए तृतीय वर्ष के परीक्षार्थियों की समाजशास्त्र विषय की परीक्षा होगी। तृतीय पाली अपराह्न तीन से शाम छह बजे तक में बीए द्वितीय वर्ष के परीक्षार्थी समाजशास्त्र विषय की परीक्षा में हिस्सा लेंगे। प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा ने बताया कि इस बार सुरक्षा की दृष्टि से कॉलेज में सीसीटीवी कैमरों की भी व्यवस्था की गई है, जिससे परीक्षाएं नकलविहीन हो सकें। उन्होंने बताया कि सुबह की पाली की परीक्षा की सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं।