लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हिदायतनगर निवासी शाहजहां बेगम ने बहू समेत पांच लोगों पर घर में घुसकर उनके और बेटे फरीदउल्ला के साथ मारपीट का आरोप लगाया है। मारपीट में उनके हाथ की हड्डी टूट गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर उनका मेडिकल कराया है।
तहरीर में शाहजहां बेगम ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम उनकी बहू रुबीना, उसके भाई आसिफ, मुन्ना, उसकी मां नुसरत बानो व अन्य लोग जबरन घर में घुस आए और उनके व बेटे फरीदउल्ला के साथ मारपीट की। आरोप है कि लंबे समय से मायके में रह रही बहू उन पर पेंशन की रकम देने और आधा मकान अपने नाम कराने का दबाव बना रही है। विरोध करने पर पूरे परिवार को दहेज उत्पीड़न के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी।
सीओ विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच एसआई उमाशंकर को सौंपी गई है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।