संपूर्णानगर छठ घाट पर किया गया अतिक्रमण। संवाद
संपूर्णानगर। सिंगाही खुर्द स्थित छठ घाट पर वर्षों से वेदी के पास अवैध अतिक्रमण व कब्जा कर पक्का निर्माण किया गया है। इसकी शिकायत मिलने के बाद नायब तहसीलदार ने थाना प्रभारी संग मौके पर पहुंच कर नोटिस चस्पा किया है।
सिंगाही खुर्द में छठ घाट पर वेदी के पास बने चबूतरे पर ईंट व टिन शेड डालकर कब्जा किया गया है, जिसकी शिकायत बीते वर्ष भी समिति ने की थी, लेकिन प्रशासन ने कब्जा नहीं हटवाया। इधर, अतिक्रमणकारियों पर सुतिया नाले को प्रदूषित करने का मामला सोशल मीडिया पर उठने के बाद नायब तहसीलदार हर्ष निशांत, थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने कानूनगो व लेखपाल के साथ छठ घाट का जायजा लिया। इसकी सूचना छठ पूजा सेवा समिति के सेवादारों को भी हुई।
उन्होंने मौके पर पहुंचकर वेदी पर अवैध कब्जा करने के साथ ही घाट पर एक घर के टैंक का पानी सुतिया नाले में बहने की बात कही। छठ सेवा समिति के विवेक सिंह ने बताया कि पाइप लाइन से गंदा पानी सुतिया नाले में गिरता है और इसी नाले में खड़े होकर महिलाएं पूजा-अर्चना करती हैं। ऐसे में अतिक्रमण को यहां से हटाया जाए।
इस बारे में नायब तहसीलदार हर्ष निशांत ने बताया कि छठ घाट पर कब्जे की शिकायत मिली थी, जिस पर घाट का निरीक्षण करने गए थे। कब्जेदारों को सख्त हिदायत देते हुए नोटिस चस्पा कर दिया गया है। साथ ही आगे की कार्रवाई की जा रही है। बाकी जो पाइप लाइन पड़ी है, उसके गृहस्वामी को बुलाकर पाइप हटाने के निर्देश दिए गए हैं।