माले नेता नरोत्तम सिंह के हत्यारोपी रेंजर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने, रेंजर द्वारा भूमाफियाओं को सौंपी गई वनभूमि मुक्त कराने की मांग को लेकर भाकपा माले ने धरना दिया। उन्होंने भूमाफिया के खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग की। धरना प्रदर्शन का नेतृत्व भाकपा माले केंद्रीय कमेटी सदस्य कृष्णा अधिकारी ने किया। इस दौरान मृतक माले नेता के पिता लाखन सिंह भी मौजूद रहे।
विलोबी मेमोरियल मैदान में आयोजित धरने को संबोधित करते हुए भाकपा माले केंद्रीय कमेटी सदस्य कृष्णा अधिकारी ने कहा कि प्रदेश में सपा सरकार प्रदेश में भाजपा के इशारे पर चल रही है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण है कि अब तक नरोत्तम सिंह के हत्यारोपी रेंजर को गिरफ्तार नहीं किया गया है। इलाहाबाद में भाकपा माले, सीपीआई, सीपीआई(एम) कार्यकर्ताओं के खिलाफ फर्जी राष्ट्रद्रोह के मुकदमे दर्ज हो गए हैं। बोले, एक तरफ वन विभाग के अधिकारी वन भूमि भूमाफिया के हवाले करके वन पर्यावरण का विनाश कर रहे हैं तो दूसरी ओर सपा 2012 के कटान पीड़ितों को आवंटित पट्टों लोहिया आवास तो दूर कब्जा देने तक को तैयार नहीं है।
उन्होंने वन भूमि को भूमाफिया से मुक्त कराने, बाढ़ कटान पीड़ितों को लोहिया आवास देकर सुरक्षित बसाने आदि मांगों को लेकर गुरुवार से भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की। धरने को जिला कमेटी सदस्य सुरेंद्र कुमार और श्रीनाथ ने भी संबोधित किया। इस मौके पर कई लोग मौजूद रहे।