हाथियों ने नष्ट की गन्ने की फसल। स्त्रोत- वन विभाग।
बांकेगंज। किशनपुर सेंक्चुरी में डेरा डाले नेपाली हाथियों ने रविवार रात जंगल से निकलकर आबादी से सटे खेतों में केले और गन्ने की फसल को रौंद डाला।
निगरानी टीमों के मुताबिक, देर रात झुंड में शामिल हाथियों ने बफरजोन मैलानी रेंज की सुल्तानपुर बीट से सटे खुटार रेंज की सिहुरा बीट के पिपरा और केसरियापुर गांव के खेतों में धावा बोला। हाथियों ने मड़ैया और फसलें तहस-नहस कर डालीं। इसके बाद वनकर्मियों की टीम और किसानों ने पटाखे दागकर हाथियों को खदेड़ा।
लौटते समय हाथियों ने खेत की मेड़ पर लगे पेड़ उखाड़ डाले। निगरानी टीम ने बताया कि सोमवार को हाथियों की लोकेशन चलतुआ जंगल में मिली है। रेंजर मैलानी निर्भय प्रताप शाही ने बताया कि निगरानी कराई जा रही है।संवाद