लखीमपुर खीरी। जंगलों से निकलकर खेतों और आबादी तक पहुंच रहे वन्यजीवों ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कहीं हाथियों का झुंड धान और गन्ने की फसल रौंद रहा है तो कहीं बाघ की दहशत में किसान खेतों तक जाने और फसलों की रखवाली करने से कतरा रहे हैं।
खीरी-हरदोई सीमा पर बाघ की तलाश में वन विभाग की संयुक्त टीमें लगातार जुटी हैं, लेकिन उसकी लोकेशन नहीं मिल पा रही है। उधर, निघासन क्षेत्र में जलौनी लकड़ी बीनने जंगल गए ग्रामीण पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। वन्यजीवों की चहलकदमी ने ग्रामीणों की दिनचर्या से लेकर खेती-किसानी तक को प्रभावित कर दिया है।
-
बाघ के डर से दिन में हो रही भागवत कथा
पसगवां। खीरी-हरदोई सीमा के करीब बाघ की दहशत से ग्रामीण खेतों में जाने और फसलों की रखवाली करने से कतरा रहे हैं। इसका असर अजबापुर चीनी मिल के लिए गन्ना छिलाई पर भी पड़ रहा है। किसान खेतों में नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे मिल को गन्ने की आपूर्ति और पेराई प्रभावित हो रही है। धामापुर मंदिर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा भी डर के कारण सिर्फ दिन में हो रही है। बालाजी समिति के अहवरन कुशवाहा ने बताया कि कथा का आयोजन दिन में ही किया जा रहा है।
रविवार को खीरी और हरदोई जिले की वन विभाग की संयुक्त टीमें जंगल, गन्ने के खेतों और नहर किनारे बाघ की तलाश करती रहीं, लेकिन उसका सुराग नहीं मिला। शनिवार रात ड्रोन कैमरे से महमदपुर कर्बला क्षेत्र में बाघ की लोकेशन मिली थी। रात अधिक होने के कारण उसे पकड़ने के इंतजाम नहीं किए जा सके। इसके बाद महमदपुर, माफी और सरैया समेत आसपास के गांवों के लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई। एहतियातन महमदपुर से वाया हन्नपसिगवां नेशनल हाईवे तक जाने वाला मार्ग बंद कर दिया गया।
पिहानी की रेंजर नीलम मौर्य ने बताया कि बाघ अपनी पिछली लोकेशन से आगे बढ़ चुका है। उसे ट्रेस करने का प्रयास जारी है। हालांकि, रविवार को तलाश के दौरान उसकी नई लोकेशन नहीं मिल सकी। संवाद
-
जंगल से निकले हाथियों ने रौंदी धान और गन्ने की फसल
अमीरनगर। मोहम्मदी रेंज के महेशपुर जंगल से रविवार रात निकले हाथियों के झुंड ने धान और गन्ने की फसलों को नुकसान पहुंचाया। झुंड सुभाषनगर से होते हुए मथना गांव के उत्तर तक पहुंच गया। हाथियों की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों के लिए फसलों की रखवाली करना भी मुश्किल हो रहा है।
दो दिन पहले भी हाथियों का झुंड कठिना नदी के पुल से पहले मोहम्मदी-गोला हाईवे पर सड़क पार करता दिखाई दिया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। रेंजर निर्भय प्रताप शाही ने बताया कि वन विभाग की टीम हाथियों के झुंड पर लगातार नजर रख रही है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। संवाद
-
जलौनी लकड़ी बीनने गए ग्रामीण पर जंगली जानवर का हमला
निघासन। मझगईं वन रेंज के नौनिया बीट जंगल में रविवार को जलौनी लकड़ी बीनने गए खैरीगढ़ निवासी जितेंद्र यादव (45) पुत्र केशवराम पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। वह साथियों के साथ जंगल गया था। हमले में घायल जितेंद्र को साथियों ने किसी तरह बचाया और निघासन अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मझगईं रेंजर अंकित सिंह ने बताया कि जितेंद्र की हालत सामान्य है। मौके पर जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि हमला बाघ ने किया या तेंदुए ने।
निघासन सीएचसी में घायल को हाल लेते नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार। स्रोत : ग्रामीण- फोटो : सांकेतिक