हाथी के हमले में घायल ग्रामीण। संवाद
पलियाकलां। साइकिल से खेत जाते समय गांव पटिहन आंबेडकर नगर निवासी शंभू सिंह पर मंगलवार शाम हाथी ने हमला कर दिया। हाथी ने न सिर्फ उनकी साइकिल को पैरों तले कुचल दिया, बल्कि शंभू को अपनी सूंड़ में लपेटकर दूर फेंक दिया। हमले के बाद शंभू बेहोश हो गए। पूरी रात गन्ने के खेत में पड़े रहे।
बुधवार सुबह जब अन्य ग्रामीण अपने खेतों में पहुंचे तो शंभू को घायल अवस्था में पड़ा देखा। ग्रामीणों ने परिजन व वन विभाग को घटना की सूचना दी। घायल शंभू को तत्काल पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना के बाद भी वन विभाग की तरफ से कोई नहीं पहुंचा। क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही से हमेशा खतरा बना रहता है लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।