लखीमपुर खीरी। आंधी-तूफान ने बिजली व्यवस्था ध्वस्त कर दी। लखीमपुर, गोला, सिकंदराबाद, मोहम्मदी, बेहजम, मझगई आदि क्षेत्रों के 1500 से ज्यादा गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इन क्षेत्रों में बिजली की लाइनों पर पेड़ गिर गए। बिजली निगम पेड़ कटवाकर लाइनों को दुरुस्त करने में जुटा है। एक हजार से ज्यादा खंभे टूटे हैं। 25 घंटे से बिजली गुल है। देर शाम तक बिजली न मिलने पर शहर की नई बस्ती के लोगों का गुस्सा फूट गया और बिजलीघर पहुंचकर हंगामा किया।
लखीमपुर डिविजन में पांच बिजलीघर हैं। बृहस्पतिवार को लखीमपुर शहर की बत्ती गुल रही। कलक्ट्रेट बिजली घर के कुछ मोहल्लों की आपूर्ति सुबह चार बजे शुरू हुई मगर अधिकांश वार्ड और मोहल्लों में सप्लाई बाधित रही। गढ़ी, छाउछ़, खीरी टाउन, गुरुनानक, गोला रोड़, बेहजम रोड की मेन लाइन के तार और खंभे टूटने से मोहल्ला हाथीपुर, निर्मलनगर, शास्त्री नगर, बहादुर नगर, महाराजनगर, राजाजीपुरम, छाउछ़, रामनगर कालोनी, मिश्राना, मेला मैदान, टीचर्स कालोनी, ईदगाह, एलआरपी आदि लगभग सभी मोहल्लों के करीब 50 हजार उपभोक्ता बिजली संकट से बेहाल रहे।
बिजलीघरों से सूचना न मिल पाने से लोगों में काफी गुस्सा देखने को मिला। लोगों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर अपना गुस्सा निकाला। एसडीओ एके चौरसिया ने बताया कि आंधी-पानी से काफी नुकसान हुआ है। कई मेन लाइन के तार व खंभे टूटे हैं। रात से कर्मचारी व्यवस्था दुरुस्त करने में लगे है। कुछ मोहल्लों में दोपहर को सप्लाई चालू करा दी गई है। कुछ क्षेत्र में फॉल्ट अधिक होने पर समय लग रहा है।
मैलानी में शुक्रवार दोपहर दो बजे तक बिजली गुल रही
मैलानी। कस्बा सहित सुवाबोझ, डालपुर ग्रंट, खरेहटा, सलावतनगर ग्राम पंचायतों के दर्जनों गांवों में रातभर बिजली गुल रही। पंखा, कूलर न चलने से लोगों की नींद हराम रही। गोला से आने वाली 33 केवी मेन लाइन में फॉल्ट होने शाम करीब चार बजे बिजली बाधित हो गई। चार-पांच जगह लाइन पर पेड़ गिरने और खंभा गिरने से ठप हो गई। खराबी दूर होने के बाद शुक्रवार दोपहर सवा दो बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई।
गोला में 200 से अधिक खंभे धराशायी
गोला गोकर्णनाथ। आंधी तूफान में मैलानी, सिकंदराबाद, बांकेगंज, हैदराबाद और शहर क्षेत्र सहित 200 खंभे धराशायी हो गए। पेड़ों की चपेट में आकर उपकेंद्रों को जाने वाली हाईटेंशन लाइन क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीण क्षेत्र की बिजली व्यवस्था चौपट हाे गई। नए बाइपास मार्ग पर हैदराबाद और बांकेगंज रोड पर बांकेगंज और मैलानी उपकेंद्र को जाने वाली 33 केवीए हाई टेंशन लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। अधिशासी अभियंता राज नारायण ने बताया कि 200 बिजली के पोल टूट गए हैं। हाइटेंशन लाइन भी क्षतिग्रस्त हुई है। रातभर काम चला है। कई टीमें पेट्रोलिंग कर रही हैं। शहर की बिजली व्यवस्था बहाल कर दी गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सप्लाई देने में दिक्कत आ रही है।
बेहजम उपकेंद्र के 50 से अधिक गांव की बत्ती गुल
बेहजम। उपकेंद्र बेहजम की भी बिजली व्यवस्था चरमरा गई। क्षेत्र के गौहरपुर, थरिया, बरेठा, लखनपुर, अंदापुर, मिर्जापुर, बेहजम, अछनिय, रारी आदि करीब 50 गांव की बिजली ठप रही। तूफान की वजह से पेड़ तार पर गिरने से तार और खंभे धराशायी हो गए। ग्राम रुकनापुर में महेंद्र पाल सिंह दरवाजे पर लगा नीम का पेड़ गिर गया। राम प्रेम के खेत में लगा आम का पेड़, श्मशान की टीन को काफी कुछ नुकसान हुआ।
ममरी क्षेत्र में कई बिजली के खंभे गिरे
ममरी। तूफान से बिजली लाइन पर गिरे पेड़ों की वजह से कई खंभे टूट जाने से कन्जा, तुर्की खेड़ा, मूड़ा भाई, धिरावां, कैथोला, ऊंचा गांव, साहुआपुर, बेहडा मुल्तान, खोखाय, हेमपुर सहित समूचे क्षेत्र की बिजली सप्लाई ठप हो गई है। इन्वर्टर ठप होने से लो मोबाइल चार्ज करने को तरस गए हैं। जेई मिथिलेश यादव ने बताया कि काम जोरों पर चल रहा है। शुक्रवार देर शाम तक लाइन ठीक कर सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।
मेन लाइन के सात खंभे टूटे, 25 गांव प्रभावित
महेवागंज। शहर से सटे बनवारीपुर उपकेंद्र की मेन लाइन ही टूट गई। 33 हजार लाइन के सात और इसकी निचली लाइन के कई खंभे धराशायी हो गए। फूलबेहड़ ब्लॉक क्षेत्र के पिपरामरोडा, राजापुर, सांभर चौरा, अमकोटवा, सिंगानिया, गंगाबेहड़, बिदौरा, मिदनियां आदि दो दर्जन गांव में बिजली सप्लाई ठप हो गई है। कब तक दुरुस्त होगी, इसका अंदाजा विभाग को भी नही है। अवर अभियंता अमित कुमार ने बताया कि काम चल रहा है। लाइन कब बहाल होगी, अभी कहना मुश्किल है। शहर के गढ़ी पावर हाउस से जुड़े महेवागंज कस्बे में भी दिन भर बिजली गुल रही।
खंभा गिरने से आवागमन रुका
खीरी टाउन। कस्बा खीरी के साथ ही लहरपुर मार्ग, गन्ना मार्ग, स्टेशन रोड, डिहपुर कटरा मार्गों पर बिजली तार और खंभे गिरने से सप्लाई बाधित रही। मोहल्ला डीहपुर कटरा मार्ग पर ग्यारह हजार लाइन के डबल खंबे गिरने से मोहल्ले में लोगों का आवाजाही बंद हो गई। शाही किले पर पेड़ के नीचे खड़ी कार पर पेड़ गिरने से कार क्षतिग्रस्त हो गई।
12 गांवों बत्ती गुल, हजारों लोग परेशान
मोहम्मदी। मेन लाइन के छह खंभे और ग्रामीण लाइन के नौ खंभे टूटने से 12 गांवों की बिजली गुल रही। खंभे टूटने से केहुआ खजुहा बिलंद पुर अमृता पथेली, गुलरिया, परवसतनगर, सिसौरा, निकूमपुर, भगेली, शेखापुर, मगरेना, नयागाव, खजुहा, धमोला आदि गांवों में बिजली आपूर्ति ठप रही। गलरिया विलंदपुर सिसोरा निकूमपुर अमृता पथेली में काम चल रहा है। एसडीओ शुभम मौर्य ने बताया कि काम चल रहा है।
फॉल्ट सही होने में लगेंगे दो से तीन दिन
लखीमपुर खीरी। आंधी-पानी की वजह से देहात में भी बिजली के बड़े फॉल्ट हैं। जनपद में शायद ऐसा कोई गांव होगा, जहां बिजली संकट नहीं है। शहर की बिजली शुक्रवार देर शाम तक दुरुस्त हो जाएगी, लेकिन देहात क्षेत्र में बहुत ज्यादा काम होना है। ऐसे में अफसर दो से तीन दिन में लगाने की बात कह रहे हैं।
दोपहर 12 बजे के बाद मिली सप्लाई
अमीरनगर। बिजली उपकेंद्र रेहरिया की 33 केवीए लाइन पर बृहस्पतिवार को रात आंधी में तूलमेल गांव के पास लाइन पर पेड़ गिर जाने से रात भर बिजली सप्लाई से ठप रही है। जेई अजीत यादव ने बताया की तेजी के साथ लाइन सही करने का काम चल रहा है। शाम तक बिजली सप्लाई शुरू हो जाएगी।
गोला के नए बाईपास के किनारे पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हाई टेंशन लाइन।
गोला के नए बाईपास के किनारे पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हाई टेंशन लाइन।
गोला के नए बाईपास के किनारे पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हाई टेंशन लाइन।