फरधान में आंधी के दौरान गिरे पेड़ से क्षतिग्रस्त मकान। संवाद
लखीमपुर/फरधान। बृहस्पतिवार को आंधी से पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर लखीमपुर से मोहम्मदी को जाने वाले मार्ग पर करीब चार सौ ज्यादा पेड़ गिर गए। इससे हाईवे जाम हो गया। जाम रात दस बजे से लेकर शुक्रवार सुबह 10 बजे तक लगा रहा। भीषण गर्मी के बीच जाम में फंसे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। 10 बजे यातायात सुचारु होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
रात दस बजे आंधी कम होने पर वाहन चलना शुरू हुए, लेकिन पेड़ सड़क पर पड़े होने वाहन जहां के तहां फंस गए। अधिकांश वाहन पूरी रात जाम में फंसे रहे। सभी पेड़ों को काटकर हटने में काफी समय लगा। लगभग 12 घंटे जाम लगा रहा। इधर, लखीमपुर-मैंगलगंज मार्ग पर कई जगह पेड़ गिरने से पूरी रात आवागमन बंद रहा। सुबह पेड़ों को काटकर जाम हटाया गया। यही हाल निघासन, पलिया, धौरहरा, खीरी टाउन आदि रोड का रहा है। रास्ते में कई पेड़ सड़क पर गिरने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह के समय चलने वाली रोडवेज बसों का भी संचालन ठप रहा।
फरधान में आंधी के दौरान गिरे पेड़ से क्षतिग्रस्त मकान। संवाद