लखीमपुर खीरी। उमस भरी गर्मी के बीच बिजली उपभोक्ताओं को रुला रही है। बिजली ठीक से एक घंटे भी नहीं रुकती और कट जाती है। रविवार को ट्रांसफॉर्मर में खराबी आने से पांच तो कुछ जगह 15 घंटे आपूर्ति बाधित होने से 5000 उपभोक्ता पसीना-पसीना हो गए।
शहर के काशीनगर, सिकटिया, डीसी रोड, आवास विकास, महाराजनगर, बहादुर नगर आदि मोहल्लों की आपूर्ति रात में कई घंटे बाधित रही। शिव काॅलोनी, गढ़ी रोड, बडखेरवा, एलआरपी, मेला मैदान, नई बस्ती आदि मोहल्लों में भी बिजली संकट देखने को मिला। शहर के डॉन बास्को के पास वाले खीरी के ट्रांसफॉर्मर में खराबी होने से डॉ. पवन गर्ग गली सहित चार मोहल्लों में 15 घंटे से अधिक आपूर्ति बाधित रही। इससे 2000 लोग प्रभावित हुए। घरों में पानी खत्म हो गया।
उपभोक्ताओं ने जेई, एसडीओ को फोन किया, लेकिन किसी ने नहीं उठाया। घरों में हाथ मुंह धोने तक का पानी नहीं बचा है। लोग हाथ के पंखे का सहारा ले रहे। वहीं सेट घाट चौराहे के पास ट्रांसफॉर्मर में खराबी होने से कई घंटे आपूर्ति ठप रही। दुर्बल आश्रम के पास 630 केवीए ट्रांसफाॅर्मर में भी खराबी होने से लोगों को बिजली संकट से जूझना पड़ा। वहीं ईदगाह में भी आपूर्ति ठप होने से लोगों को गर्मी की मार झेलनी पड़ी।
नए उपकेंद्र पर उठने लगे सवाल
लोड कम करने के लिए बनाया गया न्यू छाउछ उपकेंद्र अब लोगों के लिए मुसीबत बन गया। इससे जुड़े पिपरिया, एलपीएस, एलआरपी की सहित कई मोहल्लों में की आपूर्ति गांव से बद से बदतर हो गई। जब से नया केंद्र बना है, वहां बिजली रुकती ही नहीं है। विभागीय सूत्रों ने बताया कि उस केंद्र के निर्माण में काफी खामियां हैं, जिसके चलते दिक्कतें आ रही है। हालांकि विभागीय अफसर कुछ बोलने को तैयार नहीं है।