महेवागंज/फूलबेहड़। थाना क्षेत्र के गांव सकरन में बिजली का तार जोड़ते समय करंट लगने से निजी बिजली मिस्त्री की मौत हो गई। परिजनों ने जेई और लाइनमैन पर लापरवाही का आरोप लगाया। शव रखकर हंगामा किया। जेई, लाइनमैन समेत चार पर मुकदमा दर्ज होने के बाद माने। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।
देहात क्षेत्र के बनवारीपुर उपकेंद्र के जेई अमित कुमार मंगलवार को सकरन गांव में राजस्व बकाया वसूली के लिए टीम के साथ पहुंचे थे। बिल न अदा करने पर कुछ बकाएदारों के कनेक्शन काट दिए थे। टीम के जाने के बाद ककरपिट्टा निवासी प्राइवेट बिजली मिस्त्री 35 वर्षीय प्रेमकुमार किसी के बुलावे पर केबल जोड़ने गया था।
इस दौरान प्रेमकुमार को करंट लग गया। इससे वह खंभे से नीचे गिर गया। जख्मी हालत में परिजन उसे फूलबेहड़ सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेने की कोशिश की। मृतक के घर वालों ने जेई और उनकी टीम की पर लापरवाही का आरोप लगाया है। हंगामा कर कार्रवाई की मांग की।
मृतक के पिता बालकराम ने जेई और लाइन मैन के खिलाफ नामजद तहरीर दी। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने रात दस बजे शव का पोस्टमॉर्टम कराया। बुधवार को बिजली अधिकारी भी मृतक परिवार को ढांढस बंधाने और हर संभव मदद का आश्वासन देने पहुंचे।
फूलबेहड़ प्रभारी निरीक्षक आलोक धीमान ने बताया कि जेई और लाइन मैन सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। परिवार काफी गरीब है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जेई बोले बिजली निगम से मिस्त्री का कोई वास्ता नहीं
बनवारीपुर विद्युत उपकेंद्र के जेई अमित कुमार ने बताया कि बिजली मिस्त्री का बिजली निगम से कोई संबंध नहीं था। किसके बुलावे पर लाइन जोड़ने गया था। यह जानकारी उन्हें नहीं है।
प्रेम कुमार,फाइल फोटो