कई घर आए आग की चपेट में, लाखों का नुकसान
दुबहा में घर के ऊपर से होकर निकल रही है बिजली लाइन
दुबहा गांव में एक व्यक्ति के घर के ऊपर होकर निकली बिजली लाइन के तारों के आपस में टकराने से आग लग गई। इससे उसका घर जलने के साथ ही आसपास के करीब चालीस घर स्वाहा हो गए। आग से कई लोगों के घरों में बंधे मवेशी भी झुलस गए। हवा की वजह से ग्रामीण आग बुझाने के लिए मशक्कत करते रहे। देर शाम तक ग्रामीण और दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे थे।
निघासन थाने के गांव दुबहा के उत्तरी सिरे पर रहने वाले अवधेश गिरि के घर के ऊपर से बिजली की घरेलू लाइन निकली है। हवा की वजह से सोमवार की शाम लगभग साढ़े पांच बजे इस लाइन के तार हिलकर आपस में टकरा गए। तारों के टकराने से चिंगारियां निकलने लगीं। इससे अवधेश गिरि के छप्पर में आग लगने से उसका घर जलने लगा। तेज हवा के कारण आग भड़ककर आसपास के घरों तक फैल गई। इससे अवधेश के घर के साथ ही पड़ोस के रोशनलाल, हीरालाल, रामऔतार, कल्लू गिरि, जंगीलाल, भग्गू और छड़ीराम आदि करीब चालीस लोगों के घर भी जलकर राख हो गए।
हवा की वजह से भड़क रही आग पर जोर न चलने पर लोगों ने फायर ब्रिगड को सूचना दी। कर्मियों के पहुंचने तक लोगों के घरों में रखे बिस्तर, बर्तन, कपड़े, रुपए, अनाज और अन्य सारा सामान जलकर राख हो चुका था। कई लोगो के घरों में बंधे भेड़ें व बकरियां आदि भी जल गईं और तमाम झुलस गईं। देर शाम तक ग्रामीण और दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे थे। आग से लगभग पंद्रह लाख की सम्पत्ति जलने की बात कही जाती है।