मौके पर पहुंचे एसपी ने पीड़ित जगप्रता के परिजन को बंधाया ढांढस
धौरहरा। कोतवाली क्षेत्र के जोधापुरवा गांव में आपसी विवाद के दौरान चली गोली घर के बाहर खड़े बुजुर्ग को लग गई। बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने देर रात हत्या के आरोपी सत्य प्रकाश को गिरफ्तार कर उसके पास से हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा बरामद कर लिया। मौके पर पहुंचे एसपी ने पीड़ित परिजन से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
सोमवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे कोतवाली क्षेत्र के जोधापुरवा मजरा नैनापुर गांव में सत्यप्रकाश मौर्य और निरंजन मौर्य के बीच विवाद हो रहा था। इसी बीच सत्यप्रकाश ने निरंजन पर गोली चला दी, जो घर के बाहर खड़े बुजुर्ग जगप्रताप उर्फ गोपी (62) को जा लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी भाग गया।
ग्रामीण बताते हैं कि जगप्रताप से किसी का कोई कोई विवाद नहीं था। सूचना पर पहुंचे धौरहरा कोतवाल व एस आई राममिलन यादव ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
मामले में मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से हत्या में इस्तेमाल अवैध तमंचा बरामद किया है। प्रभारी निरीक्षक धौरहरा विद्या सागर पाल ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गांव से ही गिरफ्तार कर आलाकत्ल 315 बोर तमंचा व एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
सत्यप्रकाश द्वारा गोली मारकर जगप्रताप की हत्या की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सत्य प्रकाश को हिरासत में ले लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - विजय ढुल, एसपी
परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल
धौरहरा। जगप्रताप की मौत से परिजन का रो रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण बताते हैं कि जगप्रताप सीधा साधा व्यक्ति था। गांव में किसी से भी कोई विवाद नहीं था। घर के बाहर खड़े जगप्रताप को क्या पता था कि दो लोगों के बीच हो रहे विवाद में उसकी जान चली जाएगी। बताया जाता हैं कि जगप्रताप के एक लड़का और एक लड़की है। लड़का कही बाहर काम करता है। वह अपनी पत्नी के साथ घर पर ही रहता था। संवाद