वाईडी कॉलेज में नंबर कम आने से नाराज छात्रों ने दिया प्राचार्य को ज्ञापन। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। युवराज दत्त महाविद्यालय के बीएससी तृतीय वर्ष के छात्र छात्राएं गणित विषय में मिले नंबरों को लेकर बेहद असंतुष्ट हैं। छात्रों का कहना है कि पेपर बहुत ही अच्छा हुआ था। मगर, नंबर बहुत ही कम आए हैं। छात्रों ने उत्तर पुस्तिका(ओएमआर) का मूल्यांकन सही तरह से न होने की आशंका जताकर इसका दोबारा मूल्यांकन कराने के लिए कुलपति को ज्ञापन भेजा है।
बीएससी की छात्रा पूजा शुक्ला, प्रतीक त्रिपाठी आदि ने बताया कि गणित के प्रथम और तृतीय प्रश्नपत्र में सभी साथियों के नंबर लगभग एक समान है। इसमें कुछ छात्र छात्राएं फेल तक हैं। जिस तरह पेपर हुए थे उसके अनुसार ऐसे नंबर मिलने की बिल्कुल उम्मीद नहीं थी। ऐसा सिर्फ हम लोगों के साथ ही नहीं, बल्कि दूसरे कॉलेज में पढ़ने वाले साथियों के साथ भी हुुआ है। जबकि बीएससी प्रथम और द्वितीय वर्ष में हम लोगों के नंबर 55 से 60 प्रतिशत तक आए थे। मगर, बीएससी तृतीय वर्ष के गणित विषय के प्रथम व तृतीय पेपर में नंबर कम होने से प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अर्हता ही संकट में पड़ गई है। भविष्य को लेकर चिंतित छात्रों ने ओएमआर का दोबारा मूल्यांकन कराने के लिए कुलपति को संबोधित ज्ञापन प्रभारी प्राचार्य डॉ. नीलम त्रिवेदी को सौंपा। इस दौरान आलोक कुमार मौर्य, मुकेश मिश्रा, राममूर्ति, सक्षम शुक्ला, संदीप सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद