लखीमपुर खीरी। मोबाइल के अभाव में ऑनलाइन पढ़ाई से वंचित छात्र पत्र पेटिका के माध्यम से प्रश्नों के उत्तर शिक्षकों से प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए कॉलेज के गेट पर एक पत्र पेटिका (ड्राप बॉक्स) लगेगी, जिसमें छात्रों को एक कागज पर प्रश्न लिखकर डालना होगा। इसके बाद शिक्षक उनके उत्तर छात्रों को मुहैया कराएंगे।
कोरोना संक्रमण के कारण पिछले पांच माह से स्कूल और कॉलेज बंद है। शासन ने शिक्षकों केे ऑनलाइन पढ़ाई कराने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में शिक्षक व्हाट्सएप पर ग्रुप बनाकर छात्रों को ऑनलाइन पढ़ाई करवा रहे हैं। हालांकि तमाम छात्र छात्राएं ऐसे हैं जिनके पास एंड्रायड मोबाइल नहीं है। कुछ ऐसे भी छात्र हैं जिनके पास मोबाइल तो है, लेकिन रिचार्ज न करा पाने के कारण ऑनलाइन पढ़ाई से वंचित हैं। इसलिए शासन ने ऐसे छात्रों की खातिर कॉलेज गेट पर पत्र पेटिका लगाने के निर्देश दिए हैं। छात्रों केे अपने सवाल एक कागज पर लिखकर इसमें डालना होगा। प्रधानाचार्यों की जिम्मेदारी होगी कि वह रोजाना पत्र पेटिका खुलवाकर छात्रों की शिक्षण कार्य संबंधी जानकारी का संबंधित शिक्षकों से निस्तारित कराएं।
--------------
सभी प्रधानाचार्यों को कॉलेज गेट पर ड्राप बॉक्स लगवाने और इसकी सूचना साक्ष्य सहित कार्यालय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जा चुके हैं। इसे लगवाने में कोताही बरतने वाले विद्यालयों पर कार्रवाई के लिए शासन को लिखा जाएगा।
-हयात अली अंसारी, प्रभारी डीओएएस