लखीमपुर खीरी। कोरोना काल में छात्रों की सुरक्षा के लिए स्कूल, कॉलेज से लेकर कोचिंग संचालन पर रोक है। इसके बाद भी गुपचुप ढंग से कोचिंग चलाई जा रही हैं। इस पर डीआईओएस ने नाराजगी जताते हुए टीमें गठित कर छापे मारने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने टीम सदस्यों को निरीक्षण के समय कोचिंग संचालित मिलने पर संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
कोरोना संक्रमण का फैलाव रोकने के लिए स्कूल कॉलेज से लेकर कोचिंग के संचालन पर रोक है। फिर भी कई जगह कोचिंग चल रहीं हैं। पिछले दिनों साइकिल से कोचिंग जाते बच्चों की फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। ऐसे में अब डीआईओएस ने ऐसी कोचिंग पर नकेल कसने के लिए टीमें गठित की हैं।
लखीमपुर तहसील के लिए जीआईसी के शिक्षक राजकुमार एवं देवेश शर्मा, धौरहरा के लिए राजकीय हाईस्कूल जेठरा के प्रधानाचार्य विजय कुमार एवं राजकीय हाईस्कूल लाखुन के प्रधानाचार्य देवेंद्र निगम, निघासन के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय मॉडल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विनोद कुमार एवं राजकीय हाईस्कूल तेलियार के प्रधानाचार्य अवधेश कुमार, पलिया के लिए राजकीय हाईस्कूल मूड़ा के प्रधानाचार्य रूपेश कुमार एवं मझौरा के प्रधानाचार्य देवेश बाजपेई, गोला के लिए राजकीय हाईस्कूल गनेशपुर के प्रधानाचार्य सर्वेश कुुमार एवं राजकीय हाईस्कूल कुकरा के प्रधानाचार्य निरंजन सिंह, मोहम्मदी के लिए राजकीय हाईस्कूल बैठा के प्रधानाचार्य गोविंद झा एवं राजकीय हाईस्कूल उचौलिया के प्रधानाचार्य रवींद्र कुमार, मितौली के लिए राजकीय हाईस्कूल भीखमपुर के प्रधानाचार्य नरेंद्र वर्मा एवं राजकीय हाईस्कूल ककरहा के प्रधानाचार्य सुनील कोरी को टीम में शामिल किया गया है।
तहसीलवार निरीक्षण के लिए टीमें गठित की हैं। इस दौरान कोचिंग चलती मिलने पर संचालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
-हयात अली अंसारी, प्रभारी डीआईओएस