शिव मंदिर के मुख्य मार्ग में शिवम चौराहे पर बेतरतीब ई रिक्शों का संचालन। संवाद
गोला गोकर्णनाथ। सावन में यातायात व्यवस्था चाकचौबंद रखने के दावों के बीच शिव मंदिर के मुख्य मार्गों पर ई-रिक्शों का बेतरतीब संचालन परेशानी का कारण बना हुआ है। शहर के चौराहों और तिराहों पर ई-रिक्शों की कतार से राहगीरों और श्रद्धालुओं को जाम से जूझना पड़ रहा है। वहीं, निघासन के सिंगाही में क्षमता से अधिक स्कूली बच्चों और अन्य सवारियों को ई-रिक्शे में बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया है। वाहन की छत पर अलमारी समेत अन्य सामान लदा होने से हादसे का खतरा बना हुआ है।
सावन के दौरान अलीगंज रोड पर शिव मंदिर के मुख्य मार्ग में, अशोक चौराहे से शिव चौराहे तक और नानक चौकी से सिनेमा मार्ग पर शिवम चौराहे तक ई-रिक्शों की कतारें दिख रही हैं। बेतरतीब संचालन से इन मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे राहगीरों और श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। सबसे अधिक अड़चन डाक कांवड़ लेकर आने वाले शिव भक्तों को हो रही है, जिन्हें दौड़ते हुए जाना होता है।
शुक्रवार को नगर के शिवम चौराहे पर श्रद्धालु परेशान दिखे। चारों ओर से आने वाले श्रद्धालुओं को यहीं से मंदिर की मुख्य दर्शन दीर्घा में प्रवेश दिया जाता है। यहां तैनात पुलिसकर्मी भी मूकदर्शक दिखे।
सीओ महक शर्मा ने बताया कि व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। ई-रिक्शों के संचालन के लिए शीघ्र स्थायी कार्ययोजना तैयार की जानी है।
-
सिंगाही में बच्चों से भरा ई-रिक्शा, ऊपर अलमारी
निघासन। सिंगाही कस्बे में स्कूली बच्चों को क्षमता से अधिक बैठाकर ई-रिक्शे से ले जाने का मामला सामने आया है। बच्चों के साथ अन्य सवारियों को बैठाए जाने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। तस्वीर में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और अन्य सवारियां बैठी दिखाई दे रही हैं। कुछ सवारियां वाहन के किनारे तक बैठी हैं। ई-रिक्शे की छत पर अलमारी समेत अन्य सामान लदा दिखाई दे रहा है। ऐसे में ई-रिक्शा अनियंत्रित होने या अचानक ब्रेक लगने पर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। सीओ शिवम कुमार ने बताया कि जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद