दौलतापुर के पास सिंचाई विभाग द्वारा बनाया गया बंधा। स्रोत:संवाद
पलियाकलां। दौलतापुर के पास सिंचाई विभाग की ओर से बनाए गए सुरक्षा बंधे में अभी से रिसाव शुरू होने का ग्रामीणों ने आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विभाग और ठेकेदारों ने मानक के विपरीत काम किया है।
नदी में पानी बढ़ने पर महज एक-एक जाल और बोरियों में मिट्टी भरकर ठोकर बनाई गई थी, जो तेज लहरों के सामने टिक नहीं पाई और बह गई। लगातार बारिश के चलते यह बंधा पहले भी कई बार कट चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि जब बाढ़ का असली सीजन सितंबर-अक्तूबर अभी बाकी है, तब यह स्थिति है। समय रहते सुरक्षा कार्य मजबूती से नहीं कराए गए तो आने वाले दिनों में पूरा गांव बाढ़ की चपेट में आ सकता है।
बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता अजय श्रीवास्तव ने ग्रामीणों के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि दौलतपुर गांव में कोई बांधा नहीं है, वहां कटान निरोधक कार्य हुआ है। चारों ओर जलभराव है, ऐसे में पानी के रिसाव का कोई मतलब नहीं है। बाढ़ टीम हर क्षेत्र में निगरानी कर रही है।