अलीगंज क्राॅसिंग पर जाम में फंसे लोग। संवाद
लखीमपुर खीरी। गोला रेलवे क्रासिंग पर मेगा ब्लॉक 23 नवंबर तक बढ़ने से लखीमपुर से गोला मार्ग का सफर अभी एक सप्ताह और कठिन रहेगा। जाम में फंसने के साथ ही लोगों को लंबा सफर करना पड़ेगा। सबसे ज्यादा परेशानी गोला के अलीगंज रेलवे क्रासिंग व सिंकदराबाद मोड पर है। यहां पर शायद ही कोई ऐसा समय हो जाम न लगता है।
गोला रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा। इसके लिए 16 नवंबर तक 19 दिनों के लिए मेघा ब्लाक कर सिंकदराबाद व अलीगंज से रूट डायवर्जन किया था। रविवार रात मेघा ब्लाक हटना था, लेकिन प्रस्तावित काम पूरा न होने से मेघा ब्लाक 23 नवंबर तक बढ़ा दिया। मेगा ब्लॉक के चलते लोगों को लंबा सफर करने के साथ ही कई जगह जाम का सामना करना पड़ता है, जो सबसे बड़ी चुनौती है। लोगों को 15 से 20 किलो मीटर अतिरिक्त फेर लगाना पड़ता है। साथ ही अतिरिक्त किराया व समय भी अधिक खर्च करना पड़ता है। जिनके खुद के वाहन है, उनको डीजल-पेट्रोल अधिक खर्च होता है।