फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: दुधवा में पर्यटन का नया रंग, थारू थाली से सजेगा मेन्यू

Tue, 10 Feb 2026 11:02 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
पर्यटकों के माार्गदर्शर्न क लिए इस तरह से हाईवे पर लगाए जाएंगे साइनेज। स्रोत : विभाग
विज्ञापन

विज्ञापन



लखीमपुर खीरी।
दुधवा टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी और दुर्लभ वन्यजीवों के दीदार के साथ अब पर्यटकों को स्थानीय स्वाद और संस्कृति से जुड़ने का भी अवसर मिलेगा। आने वाले समय में यहां आने वाले देश-विदेश के सैलानियों को पारंपरिक थारू थाली और मोटे अनाज से तैयार की गई श्री अन्न थाली परोसी जाएगी। पर्यटन विभाग ने इस योजना पर काम शुरू कर दिया है। इसका उद्देश्य थारू संस्कृति, स्थानीय खानपान और आजीविका को पर्यटन से जोड़ना है।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि दुधवा क्षेत्र में पर्यटन के साथ स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के लिए यह पहल की जा रही है। थारू समाज के पारंपरिक व्यंजनों को पर्यटकों तक पहुंचाकर न सिर्फ उन्हें नई पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों की आय के स्रोत भी बढ़ेंगे। विशेष रूप से मोटे अनाज से बने पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देने के लिए श्री अन्न थाली को भी पर्यटन गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है।
विज्ञापन

महिलाओं की भूमिका को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। दुधवा क्षेत्र में अधिकांश होम स्टे का संचालन महिलाएं कर रही हैं। इन्हें होम स्टे प्रबंधन, अतिथि व्यवहार, डिजिटल भुगतान (यूपीआई), स्टोरी टेलिंग और व्यावहारिक आतिथ्य सेवाओं का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही थारू शिल्प और हस्तकला के उत्पादों को होटलों और पर्यटन केंद्रों के माध्यम से प्रदर्शित व विक्रय करने की व्यवस्था की जाएगी। कौशल विकास कार्यक्रम के तहत करीब 150 स्थानीय युवाओं को नेचर गाइड के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा।
-दुधवा का व्याख्या केंद्र होगा आधुनिक-
पर्यटन मंत्री ने बताया कि दुधवा टाइगर रिजर्व के व्याख्या केंद्र को आधुनिक स्वरूप देने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। इसके तहत मौजूदा कैंप कार्यालय की मरम्मत, नया आकर्षक रिसेप्शन ब्लॉक, आधुनिक इंटरप्रिटेशन सेंटर, थ्री-डी म्यूरल और आर्ट पेंटिंग तैयार की जाएंगी। साथ ही कैंटीन, मीटिंग हॉल, लाइब्रेरी और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। पार्क परिसर में पशु आकृतियों का नवीनीकरण, पर्यटकों के बैठने के लिए बेंच, डस्टबिन और मार्गदर्शन के लिए साइनेज लगाए जाएंगे।
विज्ञापन

-होटल, रिसॉर्ट और होम स्टे को मिलेगा बढ़ावा-
वेलनेस टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दुधवा में प्राकृतिक वातावरण के बीच योग और मेडिटेशन स्पेस विकसित किए जाएंगे। साथ ही होटल, रिसॉर्ट और होमस्टे सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया जा रहा है। अब तक 23 होमस्टे, दो रिसॉर्ट और पांच होटल पर्यटन विभाग में पंजीकृत किए जा चुके हैं। यूपी पर्यटन और यूपीटीडीबी की वेबसाइट पर दुधवा टाइगर रिजर्व का अलग पेज तैयार किया जाएगा, जहां पर्यटकों को ठहरने और सुविधाओं की पूरी जानकारी मिलेगी।

वर्जन
दुधवा टाइगर रिजर्व में पर्यटन सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद उसी अनुरूप कार्य कराए जाएंगे।
-जगदीश आर, उप निदेशक, दुधवा टाइगर रिजर्व
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें