शनिवार को सैलानियों से भरा रहा पार्क, नया साल मनाने पहुंच रहे सैलानी
नए साल के लिए दुधवा नेशनल पार्क सेलीब्रेशन के लिए तैयार हो गया है। दुधवा नेशनल पार्क में पांच जनवरी तक सभी थारूहट और रेस्ट हाउसों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। इसके अलावा शनिवार को भी दुधवा सैलानियों से भरा रहा तथा काफी संख्या में सैलानियों ने पार्क का भ्रमण किया। पार्क अधिकारियों के अनुसार नए साल में दुधवा पर्यटन के नए मुकाम हासिल करेगा।
नया साल आ गया है। नए साल के लिए सैलानियों की आवाजाही भी बढ़ने लगी है। नए साल को सेलीब्रेट करने के लिए आम पर्यटकों के साथ ही वीआईपी और वीवीआईपी भी दुधवा नेशनल पार्क पहुंचने लगे हैं। नया साल दुधवा पार्क में मनाने के लिए सैलानियों ने थारू हट और रेस्ट हाउसों की एडवांस बुकिंग भी करा ली है। पांच जनवरी तक दुधवा नेशनल पार्क हाउसफुल हो गया है। ज्यादा संख्या में सैलानियों के होने से पार्क प्रशासन में खुशी दिखाई दे रही है। इस बावत दुधवा नेशनल पार्क के डिप्टी डायरेक्टर महावीर कौजलगि ने बताया कि दुधवा पार्क में थारू हट और रेस्ट हाउसों की पांच जनवरी तक बुकिंग फुल हो गई है। उन्होंने बताया कि नए साल में सभी हटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। उम्मीद है कि नए साल में दुधवा नेशनल पार्क का पर्यटन मुकाम हासिल करेगा। बताया कि सैलानी लगातार दुधवा के प्रति आकर्षित हो रहे हैं तथा आगे भी ज्यादा से ज्यादा सैलानियों के आने की उम्मीद है।
वीआईपी के आने का सिलसिला जारी
दुधवा नेशनल पार्क में नया साल मनाने के लिए कई वीआईपी की आवाजाही भी बीते कई दिनों से लगी है। इसमें बीते दिन राजस्व परिषद के अध्यक्ष प्रवीर कुमार ने जहां दुधवा पार्क का भ्रमण किया था। वहीं शनिवार को सूचना आयुक्त भी दुधवा पार्क पहुंचे और पार्क का भ्रमण किया।
एडवांस बुकिंग होने से कुछ पर्यटक हुए मायूस
दुधवा पार्क में पांच जनवरी तक एडवांस बुकिंग से कुछ सैलानियों में मायूसी भी दिखाई दी। तमाम पर्यटक ऐसे रहे जिनको पार्क में बुकिंग नहीं मिल सकी। जिससे वह पलिया के महंगे होटलों में ठहरने को विवश हुए।