पलिया-गौरीफंटा मार्ग पर बंद किया गया आवागमन । संवाद
गौरीफंटा। मथुरा से धनगढ़ी नेपाल जा रहा एक गैस टैंकर बृहस्पतिवार सुबह दुधवा-गौरीफंटा मार्ग पर पलट गया था। इसके बाद मार्ग से आवागमन शुरू नहीं हो सका है। इससे वाहन चालकों को काफी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है।
गौरीफंटा से करीब 11 किलोमीटर दूर एक अन्य वाहन को साइड देने के चक्कर में टैंकर नीचे उतरकर पलट गया था। साइडों पर खड़ंजा बिछा न होने से यह हादसा हुआ है। इसमें टैंकर के शीशे टूटने से चालक भी घायल हो गया था। पुलिस ने डिगनिया तिराहे पर बैरियर लगाकर आवागमन बंद कर दिया है।
दुधवा बैरियर व डिगनिया तिराहे पर तैनात पुलिसकर्मी उक्त रास्ते से गुजरने वाले वाहनों को चंदन चौकी होकर घूमकर आने-जाने दे रहे हैं। शुक्रवार को शाम चार बजे तक टैंकर न निकलने से करीब 36 घंटे मार्ग बंद रहा। गौरीफंटा की ओर से आने-जाने वाले वाहन घूमकर चंदन चौकी होकर पलिया आए और गए। इससे उनको खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को टैंकर को क्रेन व जेसीबी ने गड्ढ़े से निकालने का कार्य किया है।