धनगढ़ी-नेपाल में सीमा पर स्थित बस स्टैंड पर चेकिंग करते एपीएफ जवान। संवाद
धनगढ़ी (नेपाल)। मादक पदार्थों की तस्करी की आशंका पर नेपाल पुलिस व एपीएफ कड़ी निगरानी कर रही है। डाॅग स्क्वायड को भी जांच के लिए लगाया गया है।
कैलाली के डीएसपी राजकुमार सिंह ने बताया कि भारतीय महानगरों में काम करने वाले नेपाली नागरिकों की दशहरे पर्व मनाने के लिए वापसी हो रही है। इस वजह से धनगढ़ी सीमा पर सुबह से देर शाम तक भीड़ होती है। इसका फायदा उठाकर मादक पदार्थ के तस्कर ब्राउन शुगर की तस्करी नेपाल के लिए न करें, इसको लेकर नेपाल पुलिस सतर्क है। डाॅग स्क्वायड के साथ पुलिस ने सीमा पर चेकिंग बढ़ाई है।
धनगढ़ी बस स्टैंड पर भी आने-जाने वाले लोगों की सामान आदि की चेकिंग की जा रही है। सीमा पर नेपाल पुलिस व एपीएफ जवान नेपाल जाने वाले लोगों की आईडी की जांच करने के बाद जाने दे रहे हैं। डीएसपी ने बताया कि दशहरा व दीपावली पर्व को लेकर सुरक्षा की दृष्टि से जिले में 11 सौ अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।