जिले में भीषण गर्मी का असर दिखाई देने लगा है। बारिश न होने की दशा में सात ब्लाकों में जलस्तर काफी नीचे चला गया है। गोला, मोहम्मदी, बांकेगंज, लखीमपुर, मितौली, बेहजम, पसगवां क्षेत्र के गांवों में सात से आठ फुट की बोरिंग फेल हो गईं हैं। लखीमपुर ब्लाक के शहरी क्षेत्र में जेटपंप, समरसेबिल से पानी नहीं निकल रहा है। लघु सिंचाई विभाग के पता लगाने पर ब्लाकों में जलस्तर गिरने की जानकारी मिली है।
अधिकारियों के मुताबिक ग्रामीण इलाकों में नहरों और तालाबों के सूखने के कारण भी जलस्तर पर काफी असर पड़ा है। मछली पालन वाले तालाबों को छोड़ दें तो ग्राम सभाओं के तालाबों में पानी तक नहीं है। इससे लघु सिंचाई विभाग की चार इंच की बोरिंग से दो इंच पानी ही निकल पा रहा है। लगुचा क्षेत्र में सात से आठ फुट गहरी कराई गईं बोरिंग से पानी नहीं आ रहा है। 18 फुट तक बोरिंग कराने पर ही पानी मिल पा रहा है। गोला रोड पर बरगदिया गांव के आसपास क्षेत्रों में पानी के लिए अब 10 फुट की जगह 20 से 22 फुट नीचे तक बोरिंग करनी पड़ रही है। मोहम्मदी क्षेत्र के मूड़ा गालिब गांव के आसपास किसानों और ग्रामीणों को 7-8 फुट पर पानी नहीं मिल रहा। इसके लिए 15 से 17 फुट तक बोरिंग करनी पड़ रही है। बेहजम, मितौली और पसगवां क्षेत्र में भी पांच फुट तक जलस्तर नीचे चला गया है।
--
शहर में मोहल्ला गोकुलपुरी प्रभावित
भीषण गर्मी के कारण शहर के गोकुलपुरी मोहल्ले में भी कई घरों के जेटपंप फेल हो चुके हैं। कड़ी धूप होने पर बोरिंग से पानी नहीं निकल रहा, हालांकि रात के समय वोल्टेज ठीक होने पर किसी तरह बोरिंग से पानी निकल पाता है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
--
‘10 फुट नीचे तक रिफ्लेक्स वॉल बांधें किसान’
किसान बोरिंग में 10 फुट नीचे तक रिफ्लेक्स वॉल बांधें। पांच फुट पर वॉल कारगर नहीं साबित हो रहे हैं। सहायक अभियंता सी. जायसवाल ने किसानों से कहा कि नई बोरिंग करवाते समय रिफ्लेक्स वॉल का विशेष ख्याल रखें। जिससे उन्हें परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। बारिश न होने के कारण जलस्तर नीचे गिरा है।
--
ब्लाकों में लघु सिंचाई विभाग के बोरिंग टेक्नीशियन तैनात हैं, उनसे फीडबैक मिलता रहता है। भीषण गर्मी के कारण इनदिनों जिले के सात ब्लाकों में पेयजल स्तर काफी नीचे चला गया है। अलग-अलग जगहों पर पांच से 10 फुट तक जलस्तर कम हुआ है। इससे जेटपंप, समरसेबिल, बोरिंग फेल हो रहीं हैं।
-सी. जायसवाल, सहायक अभियंता लघु सिंचाई