लखीमपुर खीरी। बकरीद को लेकर जिले के विभिन्न थानों में पीस कमेटी की बैठक की गई। इसमें बकरीद शांति पूर्वक मनाने की अपील की गई।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि संवेदनशील स्थानों की ड्रोन से निगरानी की जाएगी।
गोला गोकर्णनाथ में शनिवार शाम कोतवाली में एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक हुई। प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि कुर्बानी न तो खुले में करें और न ही अपशिष्ट खुले में डालें। एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता ने कहा कि जो गड़बड़ी करते हैं, उन पर नजर रखने की जरूरत है। सोशल मीडिया पर भी नजर रहेगी। इस मौके पर सभासद इजरान, हरिओम वर्मा, हनीफ खां, मौलाना मेहताब, फैजान खां, सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
फरधान में प्रभारी निरीक्षक दया शंकर द्विवेदी ने पीस कमेटी बैठक में कहा कि ईद पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट है। गांवों में खुफिया तंत्र भी चौकस है। माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ईद में कुर्बानी देने वालों से खुले में कुर्बानी न करने की अपील की। बैठक में ग्राम प्रधान संदीप वर्मा, अनुपम वर्मा, दिलीप वर्मा, मनजीत कश्यप, बृजेश वर्मा सहित लोग मौजूद रहे।
बरबर में सीओ अरुण कुमार सिंह और थाना अध्यक्ष रविंद्र सोनकर तथा मौलाना मोहम्मद सहीम अहमद ने भाईचारे का संदेश दिया। एसडीएम डॉ. अवनीश कुमार ने पंप ऑपरेटर बृजभूषण को कुछ कार्यों के लिए निर्देश दिए तथा खुले में कुर्बानी न करने की बात कही।