बुधवार को डीआरएम 1.26 पर लखीमपुर पहुंचे
मानचित्र मंगवाकर देखा होने वाले निर्माण कार्य
पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक आलोक सिंह ने बुधवार को लखीमपुर स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर में ब्राडगेज को लेकर हो चुके निर्माण कार्य सहित मेगा ब्लाक को लेकर होने वाले अन्य निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान वह एक घंटे तक स्टेशन पर रुके और इसके बाद गोला की ओर रवाना हुए।
15 अक्तूबर से सीतापुर मैलानी के बीच हो रहे मेगा ब्लाक को लेकर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत डीआरएम आलोक सिंह अपने चार बोगी के स्पेशल सैलून से बुधवार की दोपहर करीब 1.25 पर लखीमपुर स्टेशन पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले स्टेशन परिसर, पार्सल रूम, स्टेशन अधीक्षक, स्टेशन मास्टर रूम, टिकट काउंटर रूम, रिजर्वेशन विंडो, यात्री प्रतीक्षालय, पुरुष एवं महिला शौचालय के साथ ही अमानपरिवर्तन को लेकर हो रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इसके बाद डीआरएम ने आरपीएफ चौकी का भी जायजा लिया। डीआरएम ने कार्यदायी संस्था के लोगों से स्टेशन पर होने वाले निर्माण कार्यों का मानचित्र भी देखा और स्टेशन पर होने वाले निर्माण कार्यों की जानकारी ली। इस मौके पर सभी विभागों को अधिकारी सहित पीआरओ आलोक श्रीवास्तव एवं टीआई श्रीलाल, पीडब्ल्यूआई अरविंद जायसवाल सहित सभी कर्मचारी मौजूद रहे। करीब एक घंटे के निरीक्षण के बाद डीआरएम गोला की ओर रवाना हो गए।
मैलानी की महिला कर्मचारी ने मांगा न्याय
लखीमपुर खीरी। मैलानी में एलसी पोर्टल के पद पर तैनात महिला कर्मचारी ऊषा मिश्रा ने डीआरएम को प्रार्थना पत्र देकर स्टेशन मास्टर द्वारा काशन फाड़े जाने की शिकायत की। महिला ने कहा कि उसने इस संबंध में आरपीएफ और जीआरपी को भी प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन किसी ने कारवाई नहीं की।
मेगा ब्लाक को लेकर डीआरएम ने किया मैलानी का मुआयना
मैलानी। अमान परिवर्तन के काम के लिए 15 अक्तूबर से मैलानी-सीतापुर के बीच होने वाले मेगा ब्लाक को लेकर एनई रेलवे डीआरएम आलोक सिंह ने यहां का मुआयना किया।
डीआरएम शाम पांच बजे अपनी स्पेशल ट्रेन से यहां पहुंचे। उन्होंने रेल विकास निगम लिमिटेड के अधिकारियों के साथ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया तथा यहां होने वाले कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने फुटओवर ब्रिज पर खड़े होकर प्रस्तावित निर्माण कार्यों को नक्शे में देखा। इसके बाद उन्होंने यार्ड में बन रही पिट लाइन का निरीक्षण किया और उसकी प्रगति की बाबत जानकारी की। यहां से वह मालगोदाम पर पहुंचे और प्रस्तावित रेलवे स्टेशन की बाबत जानकारी की, तो आरवीएनएल अधिकारियों ने बताया कि मालगोदाम से तीस मीटर आगे तक स्टेशन बनेगा। उसके बाद उन्होंने स्टेशन पहुंचकर एक-एक कार्यालय का बारीकी से मुआयना किया। मुआयने के बाद उन्होने पत्रकारों को बताया कि जून 2017 तक सीतापुर-ऐशबाग प्रखंड का निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है। बताया कि अमान परिवर्तन के लिए मेगा ब्लाक लिए जाने से पूर्व यात्रियों को क्या सुविधाएं दी जाएं, इसके लिए ही उनका यह मुआयना है।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ सभी विभागों के मंडलीय अफसर मौजूद रहे।