मैलानी। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की ओर से सुरक्षित और संरक्षित रेल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए मैलानी आरपीएफ पोस्ट प्रभारी वीरेंद्र कुमार सहित पांच रेलकर्मियों को मंडल कार्यालय में डीआरएम आदित्य कुमार ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है।
जनसंपर्क अधिकारी, लखनऊ महेश गुप्ता ने बताया कि मंडल कार्यालय में डीआरएम आदित्य कुमार ने रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार, सीआईबी लखनऊ के इंस्पेक्टर मुकेश कुमार सिंह, महमूदाबाद अवध के एएसएम मृत्युंजय कुमार, लखपत नगर के स्टेशन मास्टर निकुंज कुमार आर्या, सवारी माल डिब्बा डिपो ऐशबाग की टेक्नीशियन तृतीय को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी शिल्पी कन्नौजिया, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक प्रसन्न कात्यान, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त चंद्र मोहन मिश्र, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर ईएनएचएम राहुल पांडे आदि मौजूद रहे।
गोला-फरधान के बीच 76 क्लिप चुराने वालों को किया था गिरफ्तार
मैलानी। गोला गोकर्णनाथ और फरधान स्टेशनों के बीच किमी नंबर 152/12-14 के पास 30 सितंबर को रेलपथ की 76 पेंडोल क्लिप चोरी हो गगए थे। खुलासे के लिए गठित टीम में नामित मैलानी आरपीएफ प्रभारी वीरेंद्र कुमार और सीआईबी इंस्पेक्टर मुकेश कुमार सिंह ने घटनास्थल पर ही कैंप करके घटना में शामिल तीन आरोपियों को चुराए गए 76 पेंडोल क्लिप के साथ छह अक्टूबर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की थी। संवाद
रेलयात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा का था खतरा
मैलानी। गोला गोकर्णनाथ और फरधान के बीच रेलपथ की 76 पेंडोल क्लिप चोरी हो जाने से रेल परिचालन को खतरा होने के साथ ही रेलयात्रियों की सुरक्षा और संरक्षा को भी गंभीर खतरा पैदा हो गया था। गनीमत यह रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंडल कार्यालय की ओर से अपराधियों की धड़पकड़ के लिए टीम गठित की गई थी। टीम ने आरोपियों को चोरी के सभी पेंडोल क्लिप सहित धरदबोचा था। संवाद