एडीटीसी सेंटर में दिया जा रहा गाड़ी चलाने का प्रशिक्षण। स्रोत : विभाग
लखीमपुर खीरी। अगर आपको वाहन चलाना आता है, तो प्रशिक्षण लेने की जरूरत नहीं है। बशर्ते प्रत्यायन चालन प्रशिक्षण केंद्र (एडीटीसी) पर वाहन चालने का टेस्ट पास करना होगा। टेस्ट पास होते ही आपका लाइसेंस बन जाएगा। टेस्ट देने के लिए कोई शुल्क भी नहीं लगेगा, बस आपको खुद का वाहन ले जाना पड़ेगा। टेस्ट पास होने के बाद सरकारी फीस पर ही आपको वाहन चलाने का लाइसेंस दे दिया जाएगा।
प्रशिक्षण सहित लाइट मोटर व्हीकल का लाइसेंस बनवाने के लिए फीस 6000 हजार रुपये है, इसमे लाइसेंस की फीस सिर्फ 1000 रुपये, शेष रुपये प्रशिक्षण के हैं।
अभी तक एआरटीओ दफ्तर में छोटा सा टेस्ट देकर लाइसेंस बन जाते थे, लेकिन अब एडीटीसी सेंटर खोल दिया गया। यहां छोटे-बड़े चार पहिया वाहन, बाइक के अलग-अलग ट्रैक बने हैं। परिसर में 52 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिसकी निगरानी में टेस्ट देना होता है। अब लाइसेंस बनवाने के लिए एडीटीसी की प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा। अगर आपको गाड़ी चलानी आती है, तो उसका टेस्ट पास करना पड़ेगा, अगर गाड़ी नहीं चलानी आती तो छोटे वाहनों के लिए 29 घंटे व बड़े के लिए 38 घंटे का प्रशिक्षण लेना होगा और बाद में टेस्ट को पास भी करना पड़ेगा। तब जाकर लाइसेंस बन सकेगा।
-
नई प्रक्रिया के तहत 42 लोगों के लाइसेंस बने
-एआरटीओ शांति भूषण पांडे ने बताया की एडीटीसी प्रक्रिया से गुजरने के बाद से अब तक 42 लोगों के लाइसेंस जारी किए हैं।
लोगों में भ्रम है कि यहां अतिरिक्त रुपये लिए जाते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। आपको वाहन चलाना आता है, तो टेस्ट पास करें और सरकारी फीस पर ही लाइसेंस बन जाता है। जो टेस्ट पास होते हैं, सिर्फ उन्हीं का लाइसेंस बनता है।