पलियाकलां। दुधवा नेशनल पार्क के जंगल पर गौरीफंटा रोड के पास एक झाड़ी में बैठे अजगर ने रोड किनारे आराम कर रहे बंदर पर हमला करने के बाद उसे जिंदा निगल गया। अपने साथी को मौत के मुंह में जाते देख बंदरों ने अजगर पर वार भी किए, लेकिन काफी संघर्ष के बाद भी वे उसे अजगर के मुंह से नहीं निकाल सके।
दुधवा नेशनल पार्क में भारी संख्या में वन्यजीवों का बसेरा रहता है। अजगर भी यहां पर बहुतायत पाए जाते हैं। शुक्रवार को दुधवा-गौरीफंटा रोड पर सुहेली नदी के पास किनारे लगी झाड़ियों के बीच एक अजगर सड़क किनारे पहुंच गया। जहां उसने एक बंदर पर अचानक हमला करते हुए उसे जिंदा निगलने की कोशिश करने लगा। अपने साथी को मौत के मुंह में जाते देख अन्य बंदरों ने अजगर पर हमला कर दिया। काफी नोंचने-खसोटने के बाद भी वह अपने साथी को अजगर के चंगुल से नहीं छुड़ा पाए और बंदर को अजगर ने निगल लिया। बंदरों के हमले में अजगर भी बुरी तरह से घायल हो गया। इस पूरे वाक्ये को रोड से निकल रहे राहगीरों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इलाके में यह घटना खासा चर्चा का विषय बनी रही।