अफवाह के चलते गोला में पेट्रोल पंप पर ई-रिक्शा और ट्राली में रखे ड्रमों में डीजल भरवाते लोग। सं
लखीमपुर/भीरा/गोला गोकर्णनाथ। ईरान और इस्राइल के बीच जारी तनाव को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों ने जिले के पेट्रोल पंपों पर खरीदारों की भीड़ बढ़ा दी। लोग डर और चिंता में ट्रैक्टर-ट्रॉली, ई-रिक्शा और बड़े ड्रम लेकर ईंधन लेने पहुंचे। कुछ ने बाल्टियों में पेट्रोल भरवाया, तो कुछ ने 120 से 150 रुपये प्रति लीटर तक भुगतान किया।
पंप संचालकों ने बताया कि आपूर्ति सामान्य रूप से चल रही है और अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। रिलायंस पेट्रोल पंप के मैनेजर सत्यम गुप्ता ने बताया कि सामान्य दिनों में पेट्रोल की बिक्री ढाई से 3000 लीटर और डीजल की 10,000 लीटर रहती थी, लेकिन अफवाह के कारण दो दिन में यह तीन गुना तक बढ़ गई।
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने आम जनता से अपील की कि केवल आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल और डीजल लें। उन्होंने कहा कि जिले में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।
जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने भी पुष्टि की कि तेल कंपनियां नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कर रही हैं। एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी ने पंपों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए और चेताया कि भीड़-भाड़ से बचें, अनुशासन बनाए रखें और अफवाहों पर ध्यान न दें।