लखीमपुर खीरी। घरेलू गैस सिलिंडर के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी से जिले के करीब आठ लाख उपभोक्ताओं पर हर माह करीब 4.80 करोड़ रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। पहले जहां सिलिंडर 890 रुपये में मिल रहा था, अब उपभोक्ताओं को 950 रुपये चुकाने होंगे।
जिले में 88 गैस एजेंसियों के माध्यम से आठ लाख से अधिक उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति की जाती है। इनमें करीब 5.38 लाख उपभोक्ता उज्ज्वला योजना से जुड़े हुए हैं। गैस की कीमत बढ़ने से खासकर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के रसोई बजट पर असर पड़ने की आशंका है।
गैस सिलिंडर के दाम बढ़ने से महिलाओं में नाराजगी भी देखने को मिली। उनका कहना है कि पहले से ही गैस महंगी थी, अब और बढ़ने से घरेलू बजट संभालना मुश्किल हो जाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार ने बताया कि घरेलू गैस सिलिंडर के रेट में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, इसका किसी अंतरराष्ट्रीय युद्ध से सीधा संबंध नहीं है।
अमन देवी