डॉ. राममनोहर लोहिया ग्राम योजना के तहत 2014-15 में चयनित ग्रामों में कराए जा रहे विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक हुई, जिसमें डीपीआरओ योगेंद्र कटियार ने कहा कि शौचालय निर्माण की गुणवत्ता से कतई समझौता नहीं किया जाएगा। पीली ईंट प्रयोग करने की कुछ जगहों पर शिकायत मिली है, जिसके स्थान पर अच्छी क्वालिटी की ईंटों का प्रयोग करें। प्रधानों और ग्राम पंचायत अधिकारियों को हिदायत देते हुए डीपीआरओ ने कहा कि शौचालय निर्माण में अनियमितता पाई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विकास भवन सभागार में लोहिया ग्रामों के प्रधानों, सचिवों और सहायक विकास अधिकारियों के साथ बैठक हुई, जिसमें कार्यों की समीक्षा की गई। सीडीओ नितीश कुमार ने मनरेगा से स्थाई निर्माण कार्य कराने पर जोर देते हुए महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं स्कूलों में मिडडेमील के लिए राज्य वित्त आयोग एवं तेरहवें वित्त आयोग की धनराशि से टिन शेड बनाने के निर्देश दिए गए हैं। 19 जनवरी को ग्राम पंचायतों में खडंजा लगाने के लिए पहले से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। ईंट की गुणवत्ता खराब पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी और ईंट भट्टे के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई। परियोजना निदेशक डॉ. दिनेश सिंह ने लोहिया आवास और इंदिरा आवास योजना की समीक्षा करते हुए दूसरी किस्त की डिमांड करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक नंदकिशोर दीक्षित ने बताया कि क्रमिक लक्ष्य के मुताबिक जनवरी 2015 में 3924 शौचालयों का निर्माण कराया जाना है। उन्होंने शौचालय निर्माण के समय गाइड लाइन का ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही शौचालय में लोहे का दरवाजा लगाने के निर्देश दिए।
यह भी दिए गए निर्देश
-20532 इंदिरा आवासों में शत प्रतिशत शौचालय का निर्माण
-मनरेगा में डीसीबी के खाते भी मान्य
- इंदिरा आवास लाभार्थियों में महिलाओं को वरीयता के आधार पर 90 दिन का काम दिया जाए
- पंचायत भवनों में पुस्तकालय की स्थापना
- गांव के अंदर या आसपास के तालाब को पार्क के तौर पर विकसित किया जाए