लखीमपुर खीरी। श्रमिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं और श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आठ अक्तूबर को स्वर्गीय अरविंद गिरि अमृत स्टेडियम कुंभी में श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। शिविर की तैयारियों और श्रम विभाग से जुड़े कार्यों की समीक्षा डीएम अंजनी कुमार सिंह ने की।
सहायक श्रमायुक्त मयंक सिंह ने विभागीय कार्यों की जानकारी दी। डीएम ने शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों पर लगाए जाने वाले उपकर की वसूली की भी समीक्षा हुई। जिले को आवंटित 1394 करोड़ रुपये के उपकर लक्ष्य के सापेक्ष जमा कराए गए उपकर की प्रगति जानी गई।
डीएम ने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को लक्ष्य के अनुसार उपकर जमा कराने के साथ निर्माण स्थलों का अधिष्ठान पंजीयन कराने को कहा। उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों में लगे पात्र श्रमिकों का अभियान चलाकर पंजीयन कराने पर जोर दिया। साथ ही बाल श्रम के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाकर बाल श्रमिकों का चिन्हांकन और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अटल आवासीय विद्यालय में अधिक से अधिक पात्र बच्चों के आवेदन कराने के लिए भी प्रचार-प्रसार करने को कहा गया।