मुंबई दूरदर्शन ने खीरी जिले की डीएम किंजल सिंह को ‘प्रेरणा पुरस्कार 2015’ से सम्मानित किया है। यह पुरस्कार मां-बेटी के अद्वितीय रिश्ते की पृष्ठभूमि पर दिया गया है। आईएएस किंजल सिंह को यह पुरस्कार मुबई स्थित रविंद्र नाट्य मंदिर प्रभादेवी में बृहस्पतिवार को आयोजित एक समारोह में अभिनेता मुकेश खन्ना ने प्रदान किया।
आईएएस किंजल सिंह का जीवन काफी संघर्षपूर्ण रहा है। बचपन में ही किंजल सिंह और उनकी बहन प्रांजल के सिर से पिता डीएसपी केपी सिंह का साया उठ गया था। मां विभा सिंह के सामने अपनी नौकरी से दोनों बेटियों का लालन-पालन और परवरिश करना चुनौती था। इसके बावजूद मां ने हिम्मत नहीं हारी और बेटियों को पिता की भी कोई कमी महसूस नहीं होने दी।
किंजल सिंह की मां विभा सिंह अपनी बेटियों को आईएएस बनते देखना चाहती थीं। मां ने किंजल और प्रांजल को इसके लिए प्रेरित किया ताकि समाज में दुखी लोगों की ज्यादा से ज्यादा सेवा कर सकें। जिन विषम परिस्थितियों से लड़कर डीएम किंजल सिंह ने बुलंदियों को छुआ है वह महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। इससे पहले अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर दिल्ली में डीएम किंजल सिंह को ‘शख्सियत अवार्ड’ से सम्मानित किया जा चुका है।
डीएम के सम्मान पर खुशी
डीएम किंजल सिंह के प्रेरणा पुरस्कार 2015 से सम्मानित होने पर जिले में खुशी का माहौल है। जिले के अधिकारियों ने इस सम्मान के लिए उन्हें बधाई दी है। जनप्रतिनिधियों ने खुशी का इजहार कर छात्राओं से डीएम किंजल सिंह के संघर्ष से प्रेरणा लेने को कहा है। कलक्ट्रेट कर्मचारियों ने डीएम के सम्मानित होने पर जश्न मनाकर खुशी का इजहार किया।