पंचायत चुनाव शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए डीएम ने रविवार को थाना मैगलगंज में बैठक की। उन्होंने कहा कि चुनाव में गड़बड़ी करने वालों से सख्ती से निपटा जाए।
पसगवां ब्लाक में पंचायत चुनाव प्रथम चरण में होने हैं। इस संबंध में डीएम किंजल सिंह और एसपी अखिलेश चौरसिया ने थाना परिसर में प्रत्याशियों के साथ बैठक की। यहां डीएम किंजल सिंह ने क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशियों से कहा कि किसी भी कीमत पर मतदान में गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो। मतदान के दिन तक किसी भी प्रत्याशी व उसके घर में दावत आदि की व्यवस्था न हो। बिना अनुमति के वाहन नहीं चलेंगे। एसपी अखिलेश चौरसिया ने कहा कि किसी भी कीमत पर आचार संहिता का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध वाहन, रुपये बांटने वालों तथा शराब वितरण करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, एसडीएम शादाब असलम, सीओ मिथिलेश दीक्षित, एसओ जावेद अख्तर के अलावा पंचायत चुनाव के प्रत्याशी नवाब कल्बे हसन, दिनेश चंद्र गुप्ता, श्याम किशोर तिवारी, सरदार जसवंत सिंह उर्फ जोगा सिंह, नितिन गुप्ता, दीपक वाजपेयी, विनोद अवस्थी, समीर अहमद, रंगी सिंह, राकेश यादव, अजय यादव, मोहम्मद इरफान खां, ओमप्रकाश, नरपैत सिंह, श्यामू शुक्ला समेत तमाम प्रत्याशी एवं समर्थक उपस्थित रहे।