लखीमपुर खीरी। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड व सीएमआईएस पोर्टल की समीक्षा की।
डीएम ने ऊर्जा, बेसिक शिक्षा, उद्योग और एनआरएलएम अधिकारियों से रैंकिंग गिरने का कारण पूछा। चेतावनी दी कि इस माह शीर्ष रैंक पाने के लिए ठोस प्रयास करें।
डीएम ने विद्युत महकमे से साफ कहा कि प्रगति ठीक होने पर ही वेतन आहरित किया जाएगा। विद्युत निगम को आपूर्ति सुधारने और बीएसए को निपुण रैंकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। एनआरएलएम को बैंकों से समन्वय कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने के लिए कहा। डीएम ने कहा कि शासन स्तर पर सीधे सीएमआईएस पोर्टल और सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से योजनाओं की निगरानी की जा रही है, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही न करें।
सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड और सीएमआईएस पर डाले गए आंकड़े महज नंबर नहीं, प्रशासन की पारदर्शिता और जवाबदेही का आईना हैं।
अधिकारी तय करें कि डाटा अद्यतन और जमीनी हकीकत से मेल खाते हों। लापरवाही से न सिर्फ विभाग की रैंकिंग गिरेगी, बल्कि जिले की छवि प्रभावित होगी। संवाद