राष्ट्रीय फाइलेरिया दिवस के मौके पर सोमवार को जिला अस्पताल में कैंप लगाकर दवाएं वितरित की गईं। वहीं स्वास्थ्य कार्यकर्ता और स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर दवाओं का वितरण किया। जनपद में फाइलेरिया की दवा वितरित करने के लिए 13,745 टीमें लगाई गई हैं। जबकि 433 सुपरवाइजर की ड्यूटी लगाई गई है।
जिला पुरुष अस्पताल में सीएमओ डॉ. वीएस चौहान ने कैंप का उद्घाटन किया, जिसके बाद लोगों को दवाओं का वितरण शुरू किया गया। अस्पताल के कैंप में करीब 800 मरीजों को दवा वितरित की गई। जिला मलेरिया अधिकारी एसके वर्मा ने बताया कि दो से पांच वर्ष तक, छह से 14 वर्ष और 15 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को दवाओं की अलग-अलग मात्रा निर्धारित है, जिसके अनुसार ही दवाओं का वितरण और सेवन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 10 और 11 मार्च को फाइलेरिया टीमें घर-घर जाकर दवा सेवन करने वालों से बातचीत कर दवाओं के असर के बारे में जानकारी हासिल करेंगी, क्योंकि कई बार लोगों को दवा खाने के बाद दिक्कतें पेश आती हैं। इसमें मतली, दस्त, खुजली, सिरदर्द, उल्टी जैसी प्रतिक्रिया हो सकती हैं। ऐसा होने पर संबंधित व्यक्ति स्वास्थ्य कार्यकर्ता या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। जिन लोगों ने दवा नहीं खाई है या छूट गए हैं, उन्हें भी दवा वितरित की जाएगी।
बरवर। राष्ट्रीय फाइलेरिया दिवस पर चिकित्साधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार वर्मा ने दवा वितरित की।
टीम में एएनएम सरला सिंह, बिटोली देवी, शरीफन, सुमन, आशा आदि मौजूद रहीं।